मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू

Heavy Rain

चंडीगढ़ में आजादी के बाद 24 घंटे में सबसे अधिक 302.2 एमएम पानी गिरा

  • पंजाब के मोहाली में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुसा, नाव से लोगों का किया रेस्क्यू
  • दिल्ली में भी टूटा रिकॉर्ड 153 एमएम बारिश हुई

हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। दक्षिण पश्चिम मॉनसून के साथ पश्चिमी विक्षोभ मिलने से पिछले 24 घंटों से बारिश (Heavy Rain) कहर बनकर बरस रही है। इस दौरान 24 घंटों में पानी गिरने का सबसे अधिक रिकॉर्ड पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बना। पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ शहर में 302.2 एमएम पानी गिरा। वहीं चंडीगढ़ एयरपोर्ट क्षेत्र में 286.0 एमएम बरसात हुई। अंबाला में भी 224.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। यह सभी अपने आप में रिकॉर्ड हैं। चंडीगढ़ की बात करें तो आजादी के बाद ऐसा पहला मौका है, जब 24 घंटों में 302.2 एमएम पानी गिरा हो।

इसी तरह दिल्ली में भी बारिश (Heavy Rain) ने पिछले 4 दशक का रिकॉर्ड तोड़ा। दिल्ली में इससे पहले 1982 में सफदरजंग इलाका में 169.9 एमएम बरसात हुई थी। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के सफदरजंग इलाका सहित विभिन्न क्षेत्रों में 153 एमएम बारिश दर्ज की गई। यह सभी आंकड़े भारत मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के हैं। मूसलाधार बारिश की वजह से चंडीगढ़ के साथ लगते पंजाब के मोहाली में घग्गर नदी का पानी सोसाइटी में घुस गया। यहां लोगों को नाव के सहारे रेस्क्यू करना पड़ा। दूसरी ओर पंजाब के डेरा बस्सी से जीरकपुर तक की सड़कें नदी की तरह लबालब नजर आ रही है।

दिल्ली व हिमाचल में आज बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान | Heavy Rain

भारत मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सभी सरकारी व निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी 2 दिन की छुट्टी की गई है। पिछले दो दिनों की यदि बारिश की बात करें तो मूसलाधार बारिश के कारण उत्तरी भारत में जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। दिल्ली व चंडीगढ़ के अलावा हिमाचल प्रदेश में अभी हालात बेकाबू है। भूस्खलन की वजह से अचानक आई बाढ़ से शिमला, सिरमौर, लाहुल-स्पीति, चंबा, सोलन में लगभग सभी सड़कें बंद हो गई। भारत मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए अभी रेड अलर्ट जारी किया है।

Hisar News

सतलुज, रावी, व्यास, यमुना और चिनाब खतरे के निशान से ऊपर

सतलुज, रावी, व्यास, यमुना और चिनाब जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हिमाचल में रास्तों पर चट्टानों के गिरने से नेशनल हाईवे नंबर 3 कुल्लू- मनाली- केलांग सड़क मार्ग भी पानी भरने के कारण बाधित हुआ। मनाली के पास नागर ब्रिज का एक हिस्सा भी पानी के तेज बहाव में टूट गया। तेज बारिश के कारण देश की राजधानी दिल्ली में एक घर टूट कर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं राजस्थान में भी 4 लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में घर गिरने से मां बेटी की मौत हो गई।

पूँछ में सेना के 2 जवान बहे | Heavy Rain

जम्मू कश्मीर के पूँछ में सेना के 2 जवानों की बाढ़ के पानी में बहने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रदेश के शिमला के कोठगढ़ क्षेत्र में भूस्खलन में घर ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। कुल्लू और चंबा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। तेज बारिश और भूस्खलन के चलते अमरनाथ यात्रा को लगातार तीसरे दिन भी रोकना पड़ा। जहां श्रीनगर जम्मू हाईवे पर करीब 3 हजार वाहन फंसे हुए हैं। भारत मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश में सोमवार को भी भारी बारिश के लिए अलर्ट किया है।

यह भी पढ़ें:– तेज वर्षा से कोतवाली रोड़ पर भरा पानी