महंगाई की मार: डीजल फिर हुआ 25 पैसे महंगा

Petrol Diesel Price

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सप्ताह के पहले दिन ही कच्चे तेल के 80 डॉलर की ओर लपकने के बीच घरेलू स्तर पर आज डीजल की कीमत में फिर से 25 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई जिससे पिछले चार में से तीन दिन में इसमें 70 पैसे प्रति लीटर की बढोतरी हो चुकी है। हालांकि इस दौरान पेट्रोल की कीमतें 22 वें दिन भी स्थिर रही। इस बढोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में डीजल 89.32 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल की कीमत में शुक्रवार को 20 पैसे प्रति लीटर , रविवार को 25 पैसे और फिर सोमवार को 25 पैसे की बढोतरी की गयी है। इस तरह से चार दिन में से तीन में 70 पैसे की बढ़ोतरी हो चुकी है।

गत पांच सितंबर को पेट्रोल की कीमतों में 15 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई थी और उसके बाद यह 101.19 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। तेल विपणन कंपनी इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 101.19 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल 89.32 रुपये प्रति लीटर पर रहा। अमेरिका के तेल भंडार के तीन वर्ष के निचले स्तर पर आने तथा प्राकृतिक गैस के उत्पादन में कमी के कारण बीते सप्ताह से ही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों मेंं तेजी बनी हुयी है।

आज सिंगापुर में 1.06 डॉलर की बढ़त के साथ ब्रेट क्रुड 79.15 डॉलर प्रति बैरल पर औैर अमेरिकी क्रूड बढ़कर 1.04 डॉलर चढ़कर 75.02 डॉलर प्रति बैरल पर खुला। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

देश के चार बड़े महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम इस प्रकार रहे:-

     शहर                           पेट्रोल                               डीजल 
  • दिल्ली                      101.19                        89.32
  • मुंबई                       107.26                        96.94
  • चेन्नई                        98.96                         93.93
  • कोलकाता                  101.62                       92.42

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।