शिक्षा और रोजगार
यूपी के इस जिले की हो गई बल्ले-बल्ले, बेरोजगारों को मिलेगा रोजगार, सीएम योगी देंगे 868 करोड़ रुपये की सौगात
सीएम योगी आज गाजियाबाद को देंगे 868 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात
गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद दौरे पर जिले को 868.17 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में 1096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मुरादनगर स्थित तेजपाल त्यागी-कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में आयोजित होगा, जहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गृह, शिक्षा, डूडा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पंचायती राज तथा आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की कुल 57 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
इन परियोजनाओं पर 685.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की 33 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन का निर्माण, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, नगर निगम की नौ विकास योजनाएं तथा मुरादनगर के भदौली में नए हाईस्कूल भवन का निर्माण शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शिक्षा, कानून व्यवस्था और शहरी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।मुरादनगर क्षेत्र के आवागमन को बेहतर बनाने के लिए मतौर-डोलचा सीमा और भदौली के निकट हिंडन नदी पर दो लेन पुल एवं संपर्क मार्ग का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 48.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
19 परियोजनाओं का भी करेंगे सीएम शिलान्यास
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 19 परियोजनाओं का भी मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे। इन पर 505 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें हापुड़ चुंगी चौराहे पर 125 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर निर्माण सबसे महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे शहर के प्रमुख जाम वाले क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
1096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में 1096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें 856 आवास मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना तथा 240 आवास निवाड़ी में निर्मित किए गए हैं। इन आवासों के मिलने से बड़ी संख्या में पात्र परिवारों का अपने घर का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना
मुख्यमंत्री की जनसभा में 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, पार्किंग, चिकित्सा, स्वच्छता और बैरिकेडिंग सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ एवं पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी का यह दौरा जिले में आधारभूत ढांचे, आवास, शिक्षा, पुलिस व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं को नई गति देने वाला माना जा रहा है।