Pakistan Rains: पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से बड़ी तबाही, 48 घंटों में 71 लोगों की गई जानें

Published On

Pakistan Weather Update: लाहौर। पाकिस्तान में जारी मानसूनी वर्षा ने भीषण तबाही मचा दी है। शुक्रवार को वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 10 और लोगों की मृत्यु के साथ बीते 48 घंटों में कुल 71 लोगों की जान जा चुकी है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के अनुसार, 25 जून से अब तक वर्षा संबंधी घटनाओं में कुल 123 लोगों की मृत्यु और 462 लोग घायल हुए हैं। भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। Pakistan Rains

शुक्रवार को लाहौर और चिनिओट में तीन-तीन, ओकारा में दो, तथा चकवाल और सरगोधा में एक-एक व्यक्ति की जान गई। चकवाल जिले में दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गए, जिनके शव शुक्रवार को बरामद हुए। एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु भारी वर्षा के चलते मकान की छत ढहने से मलबे में दबकर हुई। चकवाल जिले को अब तक का सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र बताया गया है, जहां बीते तीन दिनों में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा दर्ज की गई है।

पीएमडी की 20 जुलाई से पुनः मूसलधार बारिश की चेतावनी

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने 20 जुलाई से पुनः मूसलधार बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही पीडीएमए ने अगले 24 घंटों में कालाबाग और चश्मा क्षेत्रों में सिंधु नदी में ऊँचे स्तर की बाढ़ आने की संभावना जताई है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने हेतु बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं। पीडीएमए के महानिदेशक इरफान अली काठिया ने जानकारी दी कि पोथोहार क्षेत्र से अब तक 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें झेलम से 398, चकवाल से 209 और रावलपिंडी से 450 नागरिक शामिल हैं। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद के अनुसार, चकवाल में वर्षा जनित घटनाओं में तीन व्यक्तियों की जान चली गई है। इस जिले को सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में गिना जा रहा है। Pakistan Rains

Canada wildfires 2025: कनाडा में जंगल की आग हुई विकराल, दूर दूर तक आग ही आग!

About The Author

Related Posts