पाकिस्तानी सैनिकों ने कुपवाड़ा में की गोलीबारी, दो लोगों की मौत, चार घायल

Encounter in Srinagar

श्रीनगर। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाते हुए गुरुवार देर रात अकारण अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर के नागरिक इलाकों में मोर्टार के गोले दागे जाने और गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने अग्रिम चौकियों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर मोटार्र दागे और भारी गोलीबारी की। कल रात करीब 2100 बजे टीपी पोस्ट और पंजगाम में कुछ गोले गिरे। उस समय अधिकतर लोग अपने घरों में थे। लोग दहशत के कारण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आये और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और करीब एक घंटे तक लगातार गोलीबारी चली। उन्होंने कहा कि इस ओर जानमाल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है हालांकि, पाकिस्तानी सैनिकों को हुए नुकसान का तत्काल पता नहीं चल सका है।

पिछले दो महीनों से पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी से सीमांत जिले कुपवाड़ा और बारामूला में नियंत्रण रेखा पर पांच किलोमीटर दायरे में रह रहे लोग भयभीत है। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से कश्मीर घाटी में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सेना संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है। बर्फबारी शुरू होने से पहले नियंत्रण रेखा पर 300 से अधिक प्रशिक्षित आतंकवादी घुसपैठ के इंतजार में हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।