शिक्षा और रोजगार
Freebie Schemes: चुनावों में मुफ्त सुविधाओं का बढ़ता चलन, सरकारी खजाने पर कितना असर?
जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य और जवाबदेही
लोकतंत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं (Freebie Schemes) का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को राहत देना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है। लेकिन जब चुनावी राजनीति (Electoral Politics) में मुफ्त सुविधाएं और आर्थिक सहायता प्रमुख मुद्दा बन जाती हैं, तब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ऐसी योजनाएं समाज को आत्मनिर्भर बना रही हैं या सरकारी सहायता पर निर्भरता बढ़ा रही हैं। इस विषय पर गंभीर चर्चा और संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। देश में समय-समय पर राजनीतिक दल विभिन्न वर्गों के लिए मुफ्त राशन, आर्थिक सहायता, बिजली में छूट और दूसरी सुविधाओं की घोषणा करते हैं।
इन योजनाओं से गरीब परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत मिलती है। भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में सरकारी सहायता की महत्वपूर्ण भूमिका है। हालांकि, किसी भी योजना की सफलता का आकलन इस आधार पर भी होना चाहिए कि उससे लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति में कितना सुधार हुआ और वे भविष्य में अपने पैरों पर खड़े होने के लिए कितने सक्षम बने। चुनावी प्रतिस्पर्धा के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणाएं राजनीतिक चर्चा का प्रमुख हिस्सा बन गई हैं।
ऐसे में यह आवश्यक है कि सरकारें योजनाओं के लाभ के साथ उनकी लागत, वित्तीय व्यवस्था और दीर्घकालीन प्रभावों की जानकारी भी सार्वजनिक करें। सरकारी धन सीमित होता है और उसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं तथा सामाजिक सुरक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में करना पड़ता है। इसलिए योजनाओं का चयन जरूरत, उपलब्ध संसाधनों और वास्तविक परिणामों के आधार पर होना चाहिए। यह भी ध्यान रखना होगा कि सरकारी सहायता प्राप्त करना किसी व्यक्ति के परिश्रम या स्वाभिमान की कमी का प्रमाण नहीं है। गरीबी, बेरोजगारी, बीमारी और प्राकृतिक आपदाओं जैसी परिस्थितियां लोगों को सहायता की जरूरत में डाल सकती हैं। ऐसे समय में सरकार का दायित्व है कि वह कमजोर वर्गों को सहारा दे।
साथ ही, सहायता की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि लोगों को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर भी मिलें। पारदर्शिता, जवाबदेही और योजनाओं के नियमित मूल्यांकन से सरकारी व्यवस्था में विश्वास बढ़ सकता है। आज आवश्यकता ऐसी नीतियों की है, जो जरूरतमंदों को तत्काल राहत देने के साथ उनकी क्षमताओं को विकसित करें। युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण, छोटे कारोबार के लिए सहायता, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर और बेहतर शिक्षा इस दिशा में प्रभावी कदम हो सकते हैं। जब लोगों को अपनी आय बढ़ाने और सम्मान के साथ जीवन जीने के अवसर मिलते हैं, तब सामाजिक सुरक्षा का उद्देश्य भी अधिक प्रभावी ढंग से पूरा होता है।
राजनीतिक दलों को भी जनकल्याण की घोषणाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। किसी योजना का मूल्यांकन उसकी लोकप्रियता से अधिक उसके सामाजिक लाभ, आर्थिक व्यवहार्यता और भविष्य पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर होना चाहिए। सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्हें योजनाओं पर सवाल उठाने के साथ यह सुनिश्चित करने में सहयोग देना चाहिए कि सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और किसी पात्र व्यक्ति को उससे वंचित न रहना पड़े।
(यह लेखक के अपने विचार हैं) राजेन्द्र कुमार बज
Comments