हरियाणा की मंडियों में बिक रही राजस्थान की सरसों

Published On

प्रशासन ने भरा ट्रक पकड़ा (Mustard)

  • पुलिस ने चालक व अन्य को हिरासत में लिया

चरखी दादरी (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान से बड़ी मात्रा में ट्रकों में लादकर लाई गई सरसों को हरियाणा की मंडियों में सरकारी खरीद पर बेचा जा रहा है। ऐसा ही एक मामला चरखी दादरी में भी सामने आया है। राजस्थान से सरसों भरकर दादरी के गांव झिंझर के खरीद केन्द्र पर बेचने के लिए जा रहा एक ट्रक को प्रशासन व पुलिस की टीम ने पकड़ा है। सरसों से भरा ट्रक पर चुरू से दिल्ली तक का प्रमिशन लेटर भी चस्पा हुआ था। बौंद कलां थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक व एक अन्य को हिरासत में लिया है। उधर भाकियू पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मंडी अधिकारियों के साथ आढ़तियों की मिलीभगत कर लाखों रुपए का चूना लगाने का आरोप लगाया।

ट्रक को बौंद कलां पुलिस थाना लाया गया

बता दें कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि राजस्थान से ट्रकों में भरकर सरसों यहां की मंडियों में लाकर सरकारी खरीद पर बेची जा रही है। सूचना के आधार पर प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव भागेश्वरी के पास से सरसों से भरे राजस्थान नंबर ट्रक को काबू किया। ट्रक को बौंद कलां पुलिस थाना लाया गया। पुलिस की मानें तो ट्रक में 200 क्विंटल से भी ज्यादा सरसों भरी हुई थी। इसी दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष जगबीर घसोला सहित कई पदाधिकारी भी थाना पहुंचे।

  • भाकियू पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरसों की कालाबाजारी में मार्केट कमेटी अधिकारियों के साथ-साथ आढ़तियों की भी मिलीभगत है।
  • राजस्थान से आ रही सरसों को यहां की मंडियों में बेचने के नाम पर लाखों रुपए का गोलमाल चल रहा है
  • साथ ही मार्केट फीस की चोरी की जा रही है।
  • वहीं डीसी श्यामलाल पूनिया व एसपी बलवान राणा ने पुलिस थाना पहुंचकर सरसों से भरे ट्रक का निरीक्षण किया।
  • डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि जो कार्रवाई बनेगी की जाएगी।
  • वहीं एसपी बलवान राणा ने बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा जो भी संलिप्त पाएंगे, एफआईआर दर्ज की जाएगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author