India vs Afghanistan Test: गिल-राहुल की शतकीय पारी से भारत मजबूत, 8 विकेट खोकर बनाए 564 रन, पारी घोषित
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा एकमात्र टेस्ट
India vs Afghanistan Test: न्यू चंडीगढ़। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 564 रन बनाने के बाद अपनी पहली पारी को घोषित किया। India vs Afghanistan
टेस्ट के दूसरे दिन की शुरुआत शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने 48 रन जोड़कर की। कप्तान गिल 177 गेंदों का सामना करने के बाद 126 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, पंत ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। पंत अपने शतक से चूक गए। ध्रुव जुरेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 19 रन बनाकर आउट हुए।
पंत-जुरेल के पवेलियन लौटने के बाद वॉशिंगटन सुंदर और मानव सुथार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 85 गेंदों में 54 रनों की अहम साझेदारी निभाई। अपनी डेब्यू पारी में मानव 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मोहम्मद सिराज ने भी 12 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए। सुंदर एक छोर संभालकर खड़े रहे और वह 68 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। India vs Afghanistan
सुंदर ने सिराज के साथ मिलकर 23 गेंदों में 30 रनों की साझेदारी की, जबकि कुलदीप यादव संग मिलकर 24 रन जोड़े। कुलदीप 9 रन बनाकर नाबाद रहे। यशस्वी जायसवाल ने 24 रनों का योगदान दिया। वहीं, केएल राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रनों की दमदार पारी खेली। साई सुदर्शन ने 104 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाए।
गेंदबाजी में अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट चटकाए। वहीं, जियाउर रहमान और हशमतुल्लाह शाहिदी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। अफगानिस्तान के खिलाफ यह किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इसके साथ ही साल 2023 के बाद भारतीय टीम ने पहली बार 550 से ज्यादा रनों का स्कोर बनाया है। India vs Afghanistan