बीएसएफ के जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम विदाई
पंजाब प्रांत के जलालाबाद में ड्यूटी के दौरान हुई हार्टअटैक से मौत
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: पंजाब के जलालाबाद स्थित 158 बटालियन बीएसएफ में तैनात एक जवान की दो दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई। शनिवार को बीएसएफ के अधिकारी शव को लेकर इसहाकपुर गांव पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर सलामी देकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। संजय यादव 33 साल पुत्र राममित्र निवासी ग्राम इशहाकपुर (फिरोजाबाद) पंजाब के जलालाबाद बीएसएफ की 158 कंपनी में तैनात थे। अचानक से उनको हार्ट अटैक आया। उन्हें बीएसएफ के अधिकारियों ने इलाज के दौरान अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई।
जवान की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। बीएसएफ के अधिकारी शनिवार को जवान को अपने वाहन से लेकर गांव पहुंचे। जहां अधिकारियों के साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह छोटू, थाना नगला खंगर के थाना प्रभारी गिरीश कुमार आदि ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। उसके बाद गमनीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान भारत माता की जयकारे से गांव गुंजायमान हो उठा। बीएसएफ का जवान अपने पीछे तीन बच्चे निखिल, प्रियांशी, मानवी के साथ ही पत्नी रीमा देवी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
