Sports Partnership: खेल जगत में भारत-ऑस्ट्रेलिया की नई साझेदारी, मोदी और अल्बनीज ने जारी किया रोडमैप

Sports Partnership: खेल जगत में भारत-ऑस्ट्रेलिया की नई साझेदारी, मोदी और अल्बनीज ने जारी किया रोडमैप

Published On

Sports Partnership: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आॅस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया और दोनों देशों के बीच खेल में सहयोग बढ़ाने के लिए खेल सहयोग रोड मैप जारी किया। इस अवसर पर विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन भी मौजूद थी। तीनों नेताओं ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत-आॅस्ट्रेलिया खेल संबंधों के उत्सव के अवसर पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में स्टीव वॉ तथा लीसा स्थालेकर सहित आॅस्ट्रेलिया के अनेक प्रसिद्ध खेल दिग्गज उपस्थित थे। इस यात्रा ने भारत-आॅस्ट्रेलिया व्यापक सामरिक साझेदारी के प्रमुख आधारों के रूप में खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच परस्पर संबंधों के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त रूप से भारत-आॅस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप जारी किया, जो खेल प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा खेल उद्योग एवं निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।। इसका उद्देश्य भारत-आॅस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव का आयोजन करना भी है। दोनों नेताओं ने खेल के क्षेत्र में भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते सहयोग का स्वागत किया।

सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों को एकजुट करने में खेलों की विशिष्ट भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि यह रोडमैप दोनों देशों को अपनी खेल साझेदारी में विविधता लाने में सक्षम बनाएगा। उन्होंने महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के लिए आॅस्ट्रेलिया को बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आॅस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय खेलों के एक महत्वपूर्ण दशक में साथ-साथ प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और आॅस्ट्रेलिया 2032 में ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ये घटनाक्रम खेल तथा उससे संबंधित उद्योगों में दोनों देशों के बीच अधिक घनिष्ठ द्विपक्षीय सहयोग के स्वाभाविक अवसर प्रदान करते हैं। यात्रा के दौरान नेताओं ने कबड्डी, आॅस्ट्रेलियाई फुटबॉल और क्रिकेट के प्रदर्शनी मुकाबलों में भाग ले रहे युवा खिलाड़ियों के साथ संवाद किया। इस यात्रा ने भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच जीवंत खेल संबंधों तथा जन-से-जन संपर्कों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

About The Author

Related Posts