IND vs NZ Live Score: गुरनूर बराड़ की घातक गेंदबाजी का बरपा कहर, सस्ते में सिमटी न्यूजीलैंड
दूसरे वनडे में भारत के आगे मात्र 135 रन का लक्ष्य
वेलिंगटन (सच कहूँ/एजेंसी)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम की पारी 134 रनों पर समेट दी। हेनरी स्टेडियम में गुरनूर बरार की घातक गेंदबाजी न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर भारी पड़ी। उन्होंने 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अब भारतीय टीम को मुकाबला जीतने के लिए 135 रन बनाने होंगे। बारिश के कारण प्रभावित इस मैच को 50 ओवर के बजाय 47-47 ओवर का कर दिया गया है। भारत के पास जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने का सुनहरा मौका है।
शुरुआत से ही लड़खड़ाई न्यूजीलैंड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। शुरुआती 23 रनों के भीतर ही विल यंग, टिम सिफर्ट और हेनरी निकोल्स पवेलियन लौट गए। इसके बाद टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। महज 53 रन के स्कोर पर आधी टीम के आउट होने से न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ गईं।
डेरिल मिचेल और सेंटनर ने संभाली पारी
लगातार विकेट गिरने के बीच डेरिल मिचेल और मिशेल सेंटनर ने छठे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। मिचेल ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों पर 55 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर पर सेंटनर ने 38 गेंदों में 31 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था। हालांकि, दोनों बल्लेबाजों के आउट होते ही न्यूजीलैंड की पारी फिर बिखर गई और पूरी टीम 41 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
गुरनूर बरार ने झटके चार विकेट
भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने की। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में दो मेडन डालते हुए केवल 30 रन खर्च किए और चार विकेट अपने नाम किए। अन्य गेंदबाजों ने भी उनका अच्छा साथ दिया। औकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह ने सात ओवर में सिर्फ 16 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। अब भारतीय बल्लेबाजों के सामने 135 रनों का लक्ष्य है। टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।
Comments