बेटियों को चौखट नहीं, उड़ान चाहिए, सोनीपत की बेटी ने विश्व में बनाई अपनी अलग पहचान

बेटियों को चौखट नहीं, उड़ान चाहिए,  किरण ने जीत से दिखाई राह- विधायक कादियान

Published On

सोनीपत, सच कहूं/हेमंत कुमार।  आईची-नागोया एशियन गेम्स-2026 में 4x400 मीटर रिले में गोल्ड जीतने के बाद जब अपने पैत्रिक गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने सिर पलकों पर बैठा लिया। विजेता खिलाड़ी को  भिगान टोल प्लाजा से खुली जीप में सवार होकर लंबे काफिले के साथ गांव मे लाया गया।  ग्राम सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने किरण और उनके कोच आशीष छिक्कारा का जोरदार स्वागत किया। किरण ने भी ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया। घर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले अपनी दादी को एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल पहनाया। मां माया देवी ने बेटी का तिलक कर आशीर्वाद दिया। परिवार के लिए यह पल भावुक करने वाला था।

400 मीटर में पिछड़ीं तो परिवार ने बढ़ाया हौसला

किरण पहल ने बताया कि एशियन गेम्स की 400 मीटर स्पर्धा में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने से वह निराश थीं। उन्हें लग रहा था कि देश की उम्मीदें उनसे जुड़ी हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बारी-बारी से बात कर हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अभी एक मौका और है, कुछ करके दिखाना है। रिले में टीम की सभी खिलाड़ियों ने पूरा जोर लगाया और देश को गोल्ड दिलाया। किरण ने कहा कि बेटियों को परिस्थितियों से घबराना नहीं चाहिए। कितनी भी मुश्किल आए, लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। गांव से मिले सम्मान पर उन्होंने कहा कि पूरा गांव जिस तरह साथ खड़ा है, यह उनके लिए गर्व की बात है।

बेटियों को अवसर मिले तो कमाल कर सकती है- कादियान

विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि किरण की सफलता के पीछे परिवार और कोच का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि किरण ने उन बेटियों के लिए रास्ता दिखाया है, जिन्हें कभी घर की चौखट तक सीमित समझा जाता था। बेटियों को अवसर और परिवार का साथ मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा, हरियाणा प्रदेश खेल की यूनिवर्सिटी बन गया है। ये एशियन गेम्स में हमारे खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है।

अब ओलंपिक में मेडल की उम्मीद- बडौली।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष  मोहनलाल बड़ौली ने किरण को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। अब उनकी शुभकामना है कि किरण ओलंपिक में भी देश के लिए पदक जीतें। गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति से ग्रामीण और सामान्य परिवारों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम में दादी रिशाली देवी,  माँ माया देवी, भाई रविंद्र पहल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज,  सरपंच प्रतिनिधि रविंद्र पहल, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार, कपिल पंद्याल, अमित बत्रा, दिनेश गोस्वामी, अजित पहलवान, नरेंद्र यादव, गुरमेल, अनिल पहलवान, धर्मबीर नंबरदार, टोल मैनेजर सूरज शर्मा, रविंद्र पहल कब्बडी, शिव शर्मा, अजय भारद्वाज, प्रीतम सिवाच, धीरज पहलवान, अंकित मल्होत्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts