सरसा के पुराने बस स्टैंड के पास की धर्मशाला में हथियारबंद घुसने से मचा हड़कंप

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

दीवार फांदकर पहुंचे अंदर, सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। पुराने बस स्टैंड के पास स्थित जाट धर्मशाला में वीरवार देर रात हथियारबंद लोगों के घुसने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे 5-6 लोग पीछे के गेट और दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और करीब 40 मिनट तक अंदर घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने एक कमरे की तलाशी भी ली और फिर उसी रास्ते वापस लौट गए। धर्मशाला प्रबंधन को घटना की जानकारी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हुई। इसके बाद मैनेजर ने शुक्रवार सुबह पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण को लिखित शिकायत देकर फुटेज सौंप दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। Sirsa News

मैनेजर ओमप्रकाश के अनुसार रात 2 बजकर 2 मिनट पर 6-7 हथियारबंद लोग परिसर में घुसे थे। उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की और न ही किसी को नुकसान पहुंचाया। वे पार्क और अन्य हिस्सों में घूमते रहे तथा एक कमरे की जांच कर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर लौट गए। घटना के समय धर्मशाला के लगभग 30 कमरों में यात्री ठहरे हुए थे। धर्मशाला में कुल 40 कमरे हैं, जो आमजन को रात्रि विश्राम के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं।

इधर, जेजेपी नेता ने इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई हिसार सीआईए की गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट और हथियारों के साथ सिविल ड्रेस में लोगों का धर्मशाला में घुसना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यह भी पूछा कि यदि ये पुलिसकर्मी थे तो किस नियम के तहत सिविल ड्रेस में हथियार लेकर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और जांच करवाई जा रही है। Sirsa News

About The Author

Related Posts