बिना नोटिस खोखा-रेहड़ी उठाने का आरोप

कलक्टर से कार्रवाई व मुआवजे की मांग

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। संगरिया में पथ विक्रेताओं ने नगर पालिका कर्मचारियों पर बिना नोटिस खोखा व रेहड़ी हटाने और नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। पीड़ितों ने कार्रवाई के साथ-साथ अपना सामान सही हालत में वापस दिलाने की मांग की। ज्ञापन के अनुसार ओमप्रकाश पुत्र हीराचंद मोची निवासी वार्ड 3, संगरिया मुख्य बस स्टैंड के सामने चप्पल-जूते का खोखा लगाकर आजीविका चलाता है। वहीं शंकर पुत्र सूबालाल रेगर निवासी नाथवाना तहसील संगरिया बस स्टैंड के सामने जूस की रेहड़ी लगाता है। दोनों के पास नगर पालिका संगरिया की ओर से जारी पथ विक्रेता प्रमाण पत्र है, जिसके तहत उन्हें उक्त स्थान पर कारोबार करने की अनुमति दी गई है।

प्रार्थियों का आरोप है कि 23 अप्रैल की सुबह करीब 8 से 8.30 बजे, जब वे अपने घर पर थे, तब नगर पालिका के कुछ कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उनका खोखा व रेहड़ी उठाकर ले गए। जब वे करीब 9 बजे मौके पर पहुंचे तो उनका सामान वहां नहीं मिला। पड़ोसी शिवकुमार से पूछताछ करने पर पता चला कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी उनका खोखा और रेहड़ी उठाकर ले गए हैं। प्रार्थियों के अनुसार, खोखे में रखे जूते-चप्पल भी साथ ले जाए गए। इसके बाद जब वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अपना लाइसेंस दिखाया, तब भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

बाद में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संगरिया के सामने फायर ब्रिगेड स्थल पर उनका खोखा टूटा हुआ मिला, जबकि रेहड़ी भी क्षतिग्रस्त पाई गई। प्रार्थियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका कर्मचारियों ने अवैध रूप से उनका सामान हटाकर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने जिला कलक्टर से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनका खोखा व रेहड़ी सही हालत में वापस दिलाकर हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की।

Rehdi-Patri
बिना नोटिस खोखा-रेहड़ी उठाने के आरोप में कलक्टर से कार्रवाई व मुआवजे की मांग

About The Author

Related Posts