Muzaffarpur Gas Pipeline Blast: मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट, एक की मौत और चार घायल

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में विस्फोट, एक की मौत, चार-पांच लोग घायल

Published On

मुजफ्फरपुर, एजेंसी। Muzaffarpur Gas Pipeline Blast: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसाही इलाके में सोमवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार-पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। विस्फोट में नाला निर्माण के लिए खुदाई कर रही जेसीबी मशीन और कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर जुट गए।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरसाही से डुमरी की ओर जाने वाले रास्ते पर नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी से गैस पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ देर बाद अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद पाइपलाइन बंद करने के लिए टीम को बुलाया गया था। हालांकि, उनके मुताबिक टीम करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण आसपास खड़े कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया।

घायलों को सदर अस्पताल और श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। पाइपलाइन से गैस का रिसाव रोकने और इलाके को सुरक्षित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नगर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि सदर थाना को सड़क की खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि अब तक एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि चार-पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts