शिक्षा और रोजगार
मुख्यमंत्री मान ने 100 मिनी बसों को दिखाई हरी झंडी, गाँवों को शहरों से जोड़ेंगी
अगले महीने पीआरटीसी में 309 और बड़ी बसें होंगी शामिल: मान
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Punjab News: सोमवार को यहाँ पीआरटीसी के मुख्यालय में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि जिस तरह नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाया गया है, उसी तरह पंजाब के हर गांव तक बसें पहुंचाई जाएंगी। गांवों से शहरों तक जाने वाली बस सेवा बंद करने के लिए पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नई बसें ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेंगी, रोजाना के सफर को आसान बनाएंगी और शिक्षा, रोजगार तथा जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर करेंगी।
उन्होंने कहा कि अगले महीने पीआरटीसी के बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल की जाएंगी। 29 सीटों वाली 100 मिनी बसें शामिल होने से लगभग 150 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। वहीं, 15 युवाओं को परिवहन विभाग में नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। मान ने कहा कि हमारी सरकार ने इस स्थिति को बदलने के लिए काम किया और गांवों में फिर से बस सेवा शुरू की। उन्होंने बताया कि ये बसें पटियाला, बठिंडा, चंडीगढ़, संगरूर, बरनाला, बुढलाडा, कपूरथला, फरीदकोट और लुधियाना सहित विभिन्न डिपो में वितरित की गई हैं। अगले महीने बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल की जाएंगी। मान ने कहा कि पूरे पंजाब में लगभग 3,000 निजी मिनी बसें भी गांवों, कस्बों और शहरों को जोड़ रही हैं।
लोगों का सफर और अधिक आसान बनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू, पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा, मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरस्ट, विधायक अजीतपाल कोहली, पूर्व मंत्री सुरजीत रखड़ा, प्रसिद्ध अभिनेता बिन्नू ढिल्लों, मेयर कुंदन गोगिया सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया
पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से 100 मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए उनका विशेष धन्यवाद किया। चेयरमैन जुनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री मान के दिशा-निर्देशों और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में पीआरटीसी प्रदेश के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इन डिपो को मिलीं 100 मिनी बसें
पटियाला : 25 बसें
बठिंडा : 15 बसें
चंडीगढ़ : 15 बसें
संगरूर : 10 बसें
बरनाला : 9 बसें
बुढलाडा : 8 बसें
कपूरथला : 7 बसें
फरीदकोट : 6 बसें
लुधियाना : 5 बसें

Comments