शिक्षा और रोजगार
Food Department Raid: पुरानी बर्फी का चूरा मिलाकर बना रहे नई मिठाई, खाद्य विभाग की रेड में खुला मिलावट का खेल
नटार रोड पर बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार, आॅटो मार्केट में 200 किलो चाशनी नष्ट करवाई
सरसा, सच कहूँ/सुनील वर्मा। Sirsa News: त्योहारों पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट का खेल भी सामने आने लगा है। सरसा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को दो ठिकानों पर छापेमारी की। नटार रोड पर बिना लाइसेंस चल रहे मिठाई बनाने के ठिकाने पर पुरानी बर्फी पीसकर उसका चूरा नई मिठाई में मिलाने का मामला सामने आया। संचालक के अनुसार 10 किलो की एक खेप में करीब 3 किलो पुरानी बर्फी का चूरा इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं आॅटो मार्केट स्थित कन्हैया रसगुल्ला भंडार से 200 किलो चीनी की चाशनी नष्ट करवाई गई और तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
पुरानी बर्फी के चूरे से तैयार कर रहे थे मिठाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव छाबड़ा और डॉ. सुनील बिश्नोई ने बताया कि नटार रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। मौके पर चीनी की चाशनी, मिल्क पाउडर, सूजी और अन्य सामग्री मिली। जांच में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। मिठाई बनाने के उपकरण गंदे थे और वहां मक्खियां मंडरा रही थीं। संचालक के पास खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीकरण भी नहीं था। अधिकारी डॉ. सुनील बिश्नोई ने बताया कि संचालक सिद्धार्थ ने पूछताछ में बताया कि 10 किलो मिठाई तैयार करने के लिए करीब 3 किलो पुरानी बर्फी का चूरा, 5 किलो चीनी के साथ स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड तेल, वनस्पति, ग्लूकोज सिरप और सूजी मिलाई जाती थी। तैयार उत्पाद को बर्फी के रूप में बेचा जाता था।
संचालक ने स्थानीय किराना दुकानों पर इसकी सप्लाई करने की बात भी बताई। अधिकारियों के अनुसार वह करीब छह महीने से यह काम कर रहा था। विभाग ने मौके से मिली मिठाई को नष्ट करवाया और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई शुरू की। टीम ने कंगनपुर रोड से आॅटो मार्केट की ओर स्थित कन्हैया रसगुल्ला भंडार पर भी जांच की। यहां से 200 किलो चीनी की चाशनी नष्ट करवाई गई। इसके अलावा खोया, खोया बर्फी और रसगुल्ले के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इनकी गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।
मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतें
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव छाबड़ा ने पुरानी मिठाई के दोबारा इस्तेमाल और गंदगी में तैयार खाद्य पदार्थों को स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक बताया। उन्होंने लोगों से भरोसेमंद दुकानों से मिठाई खरीदने और दुकान का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीकरण देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मावा, खोया और छेना से बनी जल्दी खराब होने वाली मिठाइयां खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। गुणवत्ता पर संदेह होने पर विभाग को सूचना दें।

Comments