शिक्षा और रोजगार
West Bengal Encounter: नाबालिग छात्रा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुराचारी का एनकाउंटर
एनकाउंटर के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल
Bengal Rape and Murder Case: कोलकाता, (सच कहूँ/एजेंसी)। पश्चिम बंगाल की उत्तर 24 परगना पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या मामले के आरोपी का एनकाउंटर में किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए सोमवार और मंगलवार की रात घटनास्थल पर ले जाया गया था।
सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस टीम क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए पहुंची थी, वहां आरोपी ने रात में एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनी और फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी की पहचान आरोपी प्रहलाद दास के रूप में हुई। बता दें कि उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा इलाके में 17 वर्षीय छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। पता चला कि नाबालिग को कथित तौर पर अगवा किया गया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म हुआ और फिर आरोपियों ने हत्या कर दी।
रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात लड़की अपने परिवार वालों और दोस्तों के साथ घर के पास एक संगीत कार्यक्रम में गई थी, जो देर रात तक चला। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आधी रात के आसपास उसे एक कॉल आया था, जिसके बाद वह वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार वालों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। आखिरकार, रविवार सुबह एक घर के पीछे से उसका शव मिला था। इस मामले में परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने प्रहलाद दास को गिरफ्तार कर लिया। जांच के क्रम में जब आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया, वहां वह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया।
Comments