शिक्षा और रोजगार
फरीदकोट में 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन सहित 4 तस्कर गिरफ्तार
बंद पड़े पेट्रोल पंप की खंडहर इमारत के पास ब्रेजा गाड़ी सहित खड़े थे आरोपी
कोटकपूरा (सच कहूँ/अजय मनचंदा)। फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद कर ब्रेजा गाड़ी सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्री मुक्तसर साहिब जिले के गाँव हरीके कलां निवासी संदीप सिंह उर्फ सीपा, फरीदकोट जिले के गाँव खारा निवासी मनवीर सिंह उर्फ हनी, कोटकपूरा के अमन नगर निवासी प्रवेश और नानक नगरी निवासी वासु बिरला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों के तहत नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत सीआईए स्टाफ फरीदकोट के इंचार्ज हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त और चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान पुलिस टीम जब कोटकपूरा-श्री मुक्तसर साहिब रोड पर गांव खारा स्थित बंद पड़े पेट्रोल पंप की खंडहर इमारत के पास पहुंची तो वहां एक ब्रेजा गाड़ी खड़ी दिखाई दी। गाड़ी के पास चार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे थे। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर चारों युवक तुरंत ब्रेजा गाड़ी में सवार हो गए और गाड़ी स्टार्ट कर वहाँ से फरार होने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को रोक लिया। शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
स्पीकर संधवां ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने फरीदकोट पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि फरीदकोट सहित पूरे पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार और पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले कुछ समय के दौरान फरीदकोट पुलिस ने बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार कर नशों की सप्लाई लाइन तोड़ने में सफलता हासिल की है।
