शिक्षा और रोजगार
खेत में घुसकर फसल उजाड़ने व चोरी का आरोप, कार्रवाई नहीं
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दी आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी के नेतृत्व में पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर खेत में घुसकर फसल उजाड़ने, चोरी करने तथा पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 1 मई को जीत सिंह पुत्र दतार सिंह निवासी 22 एसएसडब्ल्यू के खेत में सुखदेव सिंह पुत्र मुख्त्यार सिंह, जोदन सिंह, बूटा सिंह निवासी चक 22 एसएसडब्ल्यू तथा 5-7 अन्य लोग जबरन घुस गए।
आरोप है कि इन लोगों ने न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए हल चलाकर खेत में खड़ी बाजरे की फसल नष्ट कर दी। साथ ही खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर दो चारपाई, कस्सी, बर्तन सहित अन्य खेती का सामान और कमरे का मलबा चोरी कर ले गए। पीड़ित ने 2 मई को टाउन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत प्रस्तुत की, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि फसल नष्ट करने वालों की पुलिस कर्मियों से मिलीभगत होने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष रेवन्तराम पंवार ने चेतावनी दी कि यदि उक्त लोगों के खिलाफ शीघ्र मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर देवीलाल, सलविन्द्र सिंह, गुरदेव सिंह, छिन्द्र कौर, सीमा रानी, अरविन्द्र सिंह, रवि, विजय कुमार, अंग्रेज सिंह, अमनदीप सिंह, सोनू मौजूद रहे।