अश्लील गाने बजाने से रोकने पर दलित किसान पर हमला
लोहे की पाइपों से पीटा, एससीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़। अश्लील गाने बजाने से रोकने पर एक दलित किसान के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। घायल किसान का उपचार राजकीय जिला चिकित्सालय में चल रहा है। रावतसर थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार खेदासरी निवासी मागाराम (50) पुत्र उदाराम मेघवाल ने अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। 8 मई को वह अपनी ढाणी में मौजूद था। उसी दौरान पड़ोसी भागाराम और उसका पुत्र अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे तथा ट्रैक्टर में तेज आवाज में डैक बजाकर अश्लील गाने चला रहे थे। मागाराम ने उन्हें रात के समय अश्लील गाने बजाने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा आगे देख लेने की धमकी दी।
परिवादी ने बताया कि अगले दिन 9 मई को सुबह करीब 8 बजे वह ट्रैक्टर लेकर गांव में चक्की से आटा लेने जा रहा था। भीड़ के पास पहुंचने पर सामने से भागाराम ट्रैक्टर लेकर गांव से अपनी ढाणी की ओर आ रहा था। आरोप है कि भागाराम ने ट्रैक्टर को साइड नहीं दी। इस दौरान जब वह अपना ट्रैक्टर पीछे लेने लगा तो भागाराम सिहाग जाट ने उसे ट्रैक्टर से नीचे उतार लिया और लोहे की पाइप से पैरों पर हमला कर दिया। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद भागाराम का भाई माणक राम तथा माणक का पुत्र कालू उर्फ पूर्णराम भी मौके पर पहुंच गए और लोहे की पाइपों से मारपीट करने लगे। कुछ देर बाद माणक की पत्नी संतोष तथा भागाराम की पत्नी कमला भी वहां पहुंच गईं और सभी ने एक राय होकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने परिवादी के पैरों, जांघों तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें पहुंचाई तथा जातिसूचक शब्द बोलते हुए अपमानित किया।
घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी पृथ्वीराज थोरी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करवाया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। घायल मागाराम को मामराज डूडी रावतसर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हनुमानगढ़ टाउन रेफर कर दिया गया। रावतसर थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच रावतसर वृताधिकारी आरपीएस सुभाष गोदारा कर रहे हैं। Hanumangarh News
About The Author