शिक्षा और रोजगार
Gandhi Jayanti Hanumangarh: कलक्ट्रेट में गूंजे बापू के प्रिय भजन, अधिकारियों ने खुद संभाली झाड़ू और कस्सी
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर अधिकारियों-कर्मचारियों ने की सफाई
Gandhi Jayanti Hanumangarh: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, एडीएम उम्मेदी लाल मीणा सहित अन्य अधिकारियों, कार्मिकों व स्कूली बच्चों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 'वैष्णव जन तो तेने कहिये, जे पीर पराई जाणे रे, पर दु:खे उपकार करे तोये, मन अभिमान न आणे रे' गांधी जी के प्रिय भजनों और रामधुन की प्रस्तुति से वातावरण गांधीमय हो गया।
वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी और मानव सेवा की प्रेरणा मिलती है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी, सादगी और देश के प्रति समर्पण को भी याद किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन भीष्म कौशिक ने किया। कार्यक्रम के बाद जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी रवि कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों ने कलक्ट्रेट परिसर में सफाई अभियान चलाया।
अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाई तथा कस्सी से कचरा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान सरकारी संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से मार्गदर्शन लेते हुए उनके बताए आदर्शांे को अपने जीवन में उतारना चाहिए। सत्य, अहिंसा और आत्मनिर्भरता को अपनाकर समाज और देश के विकास में योगदान दिया जा सकता है।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि गांधी जयंती से सरकार की ओर से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत सरकारी संस्थानों में विशेष सफाई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के फोटो और वीडियो निर्धारित लिंक पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से गांधीजी के आदर्शांे पर चलते हुए अहिंसा का मार्ग अपनाने तथा युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यांे में लगाकर हनुमानगढ़ के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और जिले को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।