Punjab
Rajasthan Weather Update: तेज आंधी से मौसम का मिजाज तो बदला, पर हनुमानगढ़ को बारिश का इंतजार
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से तापमान में गिरावट
Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को मौसम में आए बदलाव से हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन हनुमानगढ़ जिले में अभी भी बारिश का इंतजार बना हुआ है। सोमवार दोपहर बाद सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। Hanumangarh Weather News
हालांकि हनुमानगढ़ में बारिश नहीं हुई, लेकिन सोमवार रात आई तेज धूलभरी आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मंगलवार सुबह लोगों के घरों में धूल की परत जमी नजर आई। वहीं दूसरे दिन भी बादल छाए रहने से तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मंगलवार को हनुमानगढ़ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंधी के चलते कई स्थानों पर टीन-शेड और होर्डिंग्स उखड़ गए, वहीं पेड़ों की भारी टहनियां टूटकर बिजली लाइनों पर गिरने से शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। रातभर लोग गर्मी में परेशान होते रहे।
डिस्कॉम और एफआरटी टीमों ने पूरी रात मरम्मत कार्य कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव और ऊष्णरात्रि का दौर जारी है। अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट और आंशिक राहत की संभावना है।
साथ ही, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के प्रभाव से आगामी 3-4 दिनों तक दोपहर बाद मेघगर्जन, 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। मई के प्रथम सप्ताह में भी प्रदेश के विभिन्न भागों में कहीं-कहीं हीटवेव के साथ-साथ दोपहर बाद आंधी और बादल गरजने की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है। Hanumangarh Weather News
