खेत गए युवक की धारदार हथियार से हत्या

Published On

ग्राम पंचायत मक्कासर के चक चार एसटीजी का मामला | Hanumangarh News

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। जिला मुख्यालय से सटे गांव मक्कासर के चक चार एसटीजी की रोही स्थित खेत में पानी लगाने गए युवक की गुरुवार रात्रि को करीब आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह खेत में खड़ी नरमा की फसल के बीच लहूलुहान हालत में युवक का शव मिलने पर वारदात का पता चला। Hanumangarh News

सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। Hanumangarh News

जानकारी के अनुसार गांव मक्कासर निवासी कुलदीप सहारण (35) पुत्र रणवीर सहारण का खेत गांव के चक चार एसटीजी की रोही में है। गुरुवार रात्रि को पानी की बारी होने के कारण कुलदीप सहारण अकेला ही पानी लगाने गया था। पानी की बारी खत्म होने के बाद कुलदीप रात भर घर नहीं लौटा तो शुक्रवार सुबह परिजन खेत पहुंचे। कुलदीप सहारण को ढूंढने पर उसका शव नरमा की फसल के बीच रक्तरंजित हालत में मिला।

शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से वार के निशान थे। वारदात की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा, पुलिस उप अधीक्षक अरविन्द बेरड़ व जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी विष्णु खत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखवाया।

एएसपी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि एक चश्मदीद गवाह पवन कुमार ने रात्रि को 9-10 बजे के आसपास की घटना बताई है। पवन कुमार ने जानकारी दी कि चार-पांच अज्ञात जनों ने मारपीट कर कुलदीप सहारण की हत्या कर दी। एएसपी के अनुसार अभी तक हत्या का कारण सामने नहीं आया है। प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है। साक्ष्य संकलित कर आगामी कार्यवाही की जाएगी।

थाना प्रभारी विष्णु खत्री ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर तीन नामजद व चार-पांच अन्य जनों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तस्दीक की जा रही है। उधर, युवक की हत्या की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक कुलदीप सहारण अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र व शादीशुदा था। उसके एक पुत्र है। कुलदीप की बहन सवाई माधोपुर में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत है।

यह भी पढ़ें:– दूसरे दिन भी पेट्रोल पम्पों की हड़ताल जारी, पम्पों पर लगी रही भीड़ भारी

About The Author

Related Posts