खुरगान खनन प्वाइंट पर दबंगों का हमला, मैनेजर समेत दो घायल

बिना पैसे दिए रेत की गाड़ी निकालना चाहते थे आरोपी, इनकार करने पर दिया हमले की घटना को अंजाम

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: यमुना खादर क्षेत्र के इस्सापुर खुरगान में दबंगों ने रेत खनन प्वाइंट पर हमला बोल दिया, जिसमें खान प्रबंधक व कर्मचारी गम्भीर रूप से घायल हो गए। मामले में 09 नामजद समेत 21 लोगो के विरुद्ध जानलेवा हमले का अभियोग पंजीकृत कराया गया है। आरोप है कि हमलावर बिना पैसे दिए रेत की गाड़ी निकालना चाह रहे थे। मना करने पर हमले की घटना को अंजाम दिया गया है।

ग्राम इस्सापुर खुरगान के यमुना खादर में संचालित खनन प्वाइंट के प्रबंधक गौतम सिंह निवासी ग्राम अथाई ने कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कराया है। बताया कि वह आर्या लॉजिस्टिक में कार्य करता है। उसकी कंपनी को यमुना खादर के इस्सापुर खुरगान में रेत खनन हेतु पांच वर्ष के लिए पट्टा आवंटित हुआ है। विगत शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आजम व तसव्वर निवासीगण ग्राम इस्सापुर खुरगान डंपर लेकर खान पर आए। उन्होंने डंपर रेत से भरवाया और चलने लगे। आरोप है कि जब उनसे रेत के पैसे मांगे गए तो वह आगबबूला हो गए और गाली-गलौच करने लगे। आरोपियों ने फोन करके अपने साथियों मुबारिक, माहिर, आजम, आवेश, आस मोहम्मद, सादिक, रिजवान तथा 12 अन्य लोगो को खान पर आने को कहा। कुछ देर बाद सभी व्यक्ति एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी व मोटर साइकिलों पर सवार होकर हाथों में लाठी-डंडे, धारदार हथियार तथा तमंचे लेकर खान पर आये गये।

आरोपियों ने आते ही जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर हमला कर दिया, जिसमें उसे व खान पर काम करने वाले कर्मचारी फरमान को गम्भीर चोंटे आई। शोर मचाने पर खान में मौजूद अन्य व्यक्ति मौके पर आ गए, जिन्होंने उसे व फरमान को बामुश्किल आरोपियों के चंगुल से बचाया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। आरोपी जाते समय तमंचों से फायर करते हुए भविष्य में रेत के पैसे मांगने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर गए है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच करके अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Kairana

About The Author

Related Posts