झोपड़ी में आग लगने के प्रकरण ने पकड़ा तूल, पंचायत में कार्यवाही की मांग

Published On

एक दिन पूर्व गांव झाड़खेड़ी में साधु की कुटी में संदिग्ध परिस्थितियों में लग गई थी आग

  • पंचायत के दौरान गोगा म्हाड़ी समिति के पुनर्गठन की बात पर पुलिस की मौजूदगी में जमकर हुआ हंगामा

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एक दिन पूर्व गांव झाड़खेड़ी में साधु की झोपड़ी में आग लगने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने पंचायत करके आगजनी की घटना की जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। वहीं, पंचायत के दौरान गोगा म्हाड़ी समिति के पुनर्गठन की बात कहे जाने पर पुलिस की मौजूदगी में जमकर हंगामा हुआ। Kairana News

गांव झाड़खेड़ी में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर परिसर में साधु राहुलनाथ झोपड़ी डालकर रह रहे है। राहुलनाथ गांव झाड़खेड़ी के ही रहने वाले है और हाल ही में साधु बने है। विगत सोमवार की रात्रि करीब 12 बजे राहुलनाथ की झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिसमें झोपड़ी के अंदर सो रहे साधु राहुलनाथ बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग व पुलिस की टीम ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। हालांकि तबतक झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। साधु राहुलनाथ ने गांव के ही कुछ लोगो पर जानबूझकर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया था। बुधवार को झोपड़ी में आग लगने के प्रकरण ने तूल पकड़ लिया।

गांव की गोगा म्हाड़ी के प्रांगण में ग्रामीणों की पंचायत आयोजित हुई, जिसमें ग्रामीणों के अलावा तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी एसआई पवन चौधरी भी पुलिस टीम के साथ में एतिहातन मौजूद थे। पंचायत में झोपड़ी में आग लगने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा चल रही थी। इसी बीच ग्रामीण राहुल सैनी के द्वारा गोगा म्हाड़ी की मौजूदा कमेटी के पुनर्गठन की बात रख दी, जिसका पंचायत में मौजूद कमेटी के समर्थकों ने जमकर विरोध किया। इसी बात को लेकर पंचायत में दो पक्ष बन गए तथा एक-दूसरे से बहस करने लगे। पुलिस की मौजूदगी में ही पंचायत में हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ हाथापाई पर उतर आए।बाद में पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगो को सख्त रुख अख्तियार करके मौके से घर भेज दिया। Kairana News

पंचायत में सुभाष प्रधान, भूरा, अशोक, रविन्द्र, दिनेश, मनीष, मोहनलाल, राहुल, नरेश, सतपाल, महेन्द्र आदि ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, चौकी प्रभारी ने बताया कि गोगा म्हाड़ी परिसर में ग्रामीणों के द्वारा पंचायत आयोजित की गई थी, जिसमें वह शांति-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस टीम के साथ में मौजूद थे। पंचायत में गोगा म्हाड़ी की वर्तमान समिति को बदलने को लेकर आपस में कुछ कहा-सुनी हो गई, जिसके बाद लोगो को घर भेज दिया गया। झोपड़ी में आग लगने के मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नही हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

यह भी पढ़ें:– दादरी लोहारू रोड़ पर अवैध कॉलोनी से तोड़ा निर्माण कार्य

About The Author

Related Posts