ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी कैम्प के निरीक्षण को पहुंचे डीएम-एसपी
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर एवं गुणवत्तापूर्ण करने के दिये निर्देश
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: शनिवार को डीएम आलोक यादव व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ऊंचागांव में पहुंचे। जहां पर उन्होंने 233.45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पीएसी वाहिनी के आवासीय तथा अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम के द्वारा निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि निर्माण कार्य विगत 16 अगस्त 2024 को शुरू हुआ था, जिसे निर्माण कंपनी के द्वारा इसी वर्ष 15 अगस्त तक पूरा करना है। मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति लगभग 70 फीसदी पाई गई। जिलाधिकारी ने टाइप-5 बिल्डिंग, बी-2 बिल्डिंग और बैरक-300 बिल्डिंग तथा लैब का निरीक्षण किया।
प्रोजेक्ट मैनेजर के द्वारा डीएम व एसपी को थ्री-D मॉडल के माध्यम से प्रगति कार्य को विस्तृत रूप समझाया गया। डीएम के द्वारा निर्माण कार्य व मटेरियल की गुणवत्ता को भी चेक किया गया जोकि संतोषजनक पाई गई।उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की गुणवत्ता, त्रुटियों के दुरुस्तीकरण व निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही, भवनों की टेस्ट रिपोर्ट, मटेरियल तथा थर्ड पार्टी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने कैम्प डेवलपमेंट के अलावा, अंडरग्राउंड विद्युत वायरिंग, शिविर लाइन व पानी सप्लाई का कार्य तत्काल प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कैम्प परिसर में एक हेलीपैड निर्मित करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों कैम्प परिसर जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के मौसम से पूर्व वृक्षारोपण का कार्य किया जा सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, कार्यदायी संस्था निर्माण खंड(भवन) सहारनपुर के सहायक अभियंता सुनील कुमार, महीपाल सिंह व आकाश उत्तम, अपर अभियंता कालूराम व अंजली, सिविल अभियंता राहुल कुमार, अतिरिक्त इंजीनियर राहुल कुमार, साइट इंजीनियर दीपक, आदि मौजूद रहें।
.jpg)