राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत बना शौचालय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा?

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: क्षेत्र के ग्राम मुझेडा में गरीब लोगो को खुले में शौच न करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के अन्तर्गत पांच वर्ष पूर्व लाखो रूपये की लागत से एक शौचालय निर्मित कराया गया था लेकिन आज तक भी उसमें मूलभूत सुविधाऐं ग्रामीणो को उपलब्ध नही करायी गई जिस कारण ग्रामवासी खुले में शौच करने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणो ने उच्चाधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए पत्र प्रेषित किया है।

ग्राम मुझेडा में लगभग 5 वर्ष पूर्व करीब 7 लाख रुपये की लागत से यह सामुदायिक शौचालय गांव में बनी टंकी के पास बनवाया गया था, लेकिन यह महज एक शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों की मानें तो इस शौचालय का निर्माण तो पूरा हो गया था, लेकिन इसमें मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। न तो पानी की व्यवस्था की गई और न ही नियमित सफाई होती है, जिससे ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। गरीब ग्रामवासी खुले में शौच जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब वे इस सामुदायिक शौचालय का उपयोग करने जाते हैं तो उन्हें पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं न मिलने के कारण निराश होकर लौटना पड़ता है। Mirapur News

अधिकतर समय यह बंद ही रहता है। यह शौचालय अंसारी समूह के सुपुर्द किया गया था, जिन्होंने इसमें एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति भी की थी, लेकिन कर्मचारी की मौजूदगी के बावजूद शौचालय में कोई साफ-सफाई नहीं होती। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सरकारी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है, जिसमें संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से शौचालय निर्माण में अनियमितता बरती गई। इस स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी समेत अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजा है और मांग की है कि इस शौचालय की जांच कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्राम मुझेड़ा के निवासी सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ उठा सकें।

जब इस संबंध में ग्राम सचिव शिवम कौशिक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्राम प्रधान पति इश्तियाक से संपर्क करने पर बताया कि शौचालय में जो कमी पाई गई हैं उन्हे शीध्र दूर किया जायेगा।

यह भी पढ़ें:– Fake Ghee News: हांसी में नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

About The Author

Related Posts