हमसे जुड़े

Follow us

26.3 C
Chandigarh
Thursday, February 26, 2026
More

    Roadways Bus News: टोहाना में रोडवेज बसों की बदहाल व्यवस्था, छात्रों की जान पर मंडरा रहा खतरा

    Tohana News
    Tohana News: छात्र रोडवेज बसों की खिड़कियों और दरवाजों पर लटक कर यात्रा करते हुए।

    टोहाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र समैण)। Tohana Roadways Bus News: टोहाना शहर में रोडवेज बसों की अव्यवस्थित व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली, कॉलेज और आईटीआई के छात्र-छात्राएं बसों की खिड़कियों व दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।

    जानकारी के अनुसार यह समस्या विशेष रूप से शहर की ओर जाने वाली बसों में सुबह और शाम के व्यस्त समय के दौरान अधिक देखने को मिलती है। इन समयों में बसें क्षमता से अधिक भर जाती हैं और अंदर खड़े होने तक की जगह नहीं बचती। मजबूरन विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। Tohana News

    स्थानीय निवासियों सुखदेव, रमन, अंकित और मनीष ने बताया कि कई रूटों पर वर्षों से बसों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है, जबकि विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अतिरिक्त फेरे या विशेष छात्र बसों की व्यवस्था नहीं होने से रोजाना खतरे की स्थिति बनी रहती है। अभिभावकों ने प्रशासन की लापरवाही पर चिंता जताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

    अधिकारियों का पक्ष

    बस स्टैंड इंचार्ज सुरेश दहिया तथा डीआई महेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी रूट पर बसों की कमी नहीं है। शहर के भीतर आवागमन के लिए अलग से सिटी बसें भी संचालित की जा रही हैं, लेकिन छात्र समूह में यात्रा करने के कारण लंबी दूरी वाली बसों में ही चढ़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार बसों के अंदर पर्याप्त जगह होने के बावजूद छात्र बाहर लटककर सफर करते हैं। समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन को सूचना दी जाती है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्र वहां से हट जाते हैं।

    हादसे का बना रहता है खतरा | Tohana News

    प्रतिदिन हो रही इस लापरवाही से विद्यार्थियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन, परिवहन विभाग और अभिभावकों को मिलकर ठोस समाधान निकालना होगा, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से पहले व्यवस्था सुधारी जा सके।

    यह भी पढ़ें:– Haryana Board News: अंग्रेजी विषय परीक्षा के पहले दिन आए नकल और पेपर आउट के मामले