आर्यपुरी के पूर्व प्रधान अब्बास के भाई के रूप में हुई मृतक व्यक्ति की पहचान
- पुलिस ने पंचायतनामा भरकर मृतक व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: जनपद न्यायालय के सामने अलीपुर मार्ग के किनारे एक 62 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से कस्बे में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के पश्चात मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान आर्यपुरी के पूर्व प्रधान अब्बास के छोटे भाई के रूप में हुई है।
शनिवार दोपहर कोतवाली पुलिस को जनपद न्यायालय के सामने कस्बे के अलीपुर मार्ग के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली, जिस पर नगर की किलागेट चौकी प्रभारी एसआई विनोद राघव पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी जद्दोजहद के बाद मृतक की शिनाख्त कस्बे के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी गुलफाम के रूप में हुई। मामले की जानकारी होने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के पश्चात मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। Kairana News
हालांकि शुरुआत में परिजन मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नही थे, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद वह मान गए। बीमारी के चलते बुजुर्ग की मौत होने की बात सामने आ रही है। मृतक व्यक्ति आर्यपुरी के पूर्व प्रधान अब्बास का छोटा भाई बताया जा रहा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण बीमारी नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें:– कुरुक्षेत्र में पुलिस ने नशे की खेप पकड़ी, दो आरोपी काबू















