नई दिल्ली। लोकसभा में बजट सत्र के दूसरे चरण के दूसरे दिन मंगलवार को विपक्षी दलों के सदस्यों के लगातार हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और पीठासीन अधिकारी संध्या राय को सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू किया विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा करने लगे। सदस्य हंगामा और नारेबाजी करते हुए सदन के बीचों बीच आ गए।
पीठासीन अधिकारी ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल जारी रखा। इस बीच कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई सदस्यों के सवालों के जवाब भी दिए। बाद में हंगामा तेज हो गया और कुछ सुनाई नहीं दिया तो पीठासीन अधिकारी ने हंगामा कर रहे सभी सदस्यों को शांत रहने और अपने स्थान पर जाने का आग्रह करते हुए कहा कि उन्हें जनता ने अपनी समस्याओं का समाधान करने के लिए चुनकर भेजा है। उनका कहना था कि कृषि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रश्न हो रहे हैं इसलिए सदस्यों को सुनने चाहिए लेकिन सदस्य हंगामा करते रहे तो उन्होंने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी।















