गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह ) । राजधानी दिल्ली से सटे कमिश्नरेट गाजियाबाद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, सभी जोनल डीसीपी, एसीपी, महिला अपराध, अपराध शाखा एवं थाना प्रभारी शामिल हुए।
गोष्ठी में अवैध नशा कारोबार, शस्त्र तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ की समीक्षा की गई। साथ ही ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत लंबित मामलों में दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए साक्ष्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों की पहचान और निगरानी के लिए ‘यक्ष एप’ के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। जियो टैगिंग, सत्यापन और अपराधियों की गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के सख्त निर्देश
सीसीटीएनएस और सीसीएमएस पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, नियमित गश्त और स्थानीय लोगों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति पर दिया जोर
‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा शिकायतों पर संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य गाजियाबाद को अधिक सुरक्षित, अपराधमुक्त और नागरिक-अनुकूल बनाना है। सभी अधिकारियों को अपराध दर में कमी लाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।















