हमसे जुड़े

Follow us

37.4 C
Chandigarh
Sunday, April 26, 2026
More

    Hardoi Accident: हरदोई में तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक भीड़ में घुसा, महिला की मौत, 11 घायल

    Hardoi Accident:
    सांकेतिक फोटो

    हरदोई (एजेंसी)। Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसा। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर हुए इस हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। Hardoi Accident

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और चालक नशे की हालत में लग रहा था। बताया जा रहा है कि उसने पहले सड़क किनारे खड़े ठेलों और दुकानों को टक्कर मारी, उसके बाद ऑटो और बाइक को भी रौंद दिया। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

    हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही बावन चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

    पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी बावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में कई लोग जैसे रमेश (50), पवन कुमार (25), रुचि (25), मुकेश (30), पिंटू (25), खुशीराम (35), नरेश (33), हरिश्चंद्र (35), महेंद्र (45), राहुल (30) और एक 11 साल का बच्चा प्रियांशु भी शामिल है। Hardoi Accident

    हरपालपुर सीओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कंटेनर चालक की लापरवाही और नशे की हालत इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

    फिलहाल पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

    यह भी पढ़ें:– भवानीगढ़-संगरूर हाईवे पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 से अधिक हिरासत में