ब्राजील में कोरोना का कहर, एक दिन 4,195 मौतें, भारत में 1 लाख 15 हजार 736 नए केस

Coronavirus in America

ब्रासीलिया। ब्राजील में पहली बार एक दिन में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से रिकार्ड 4,195 लोगों की मौत हो गई। बीबीसी की रिपोर्ट में बताया कि नए मौत के आंकड़ों के बाद देश में इस बीमारी के मृतकों की संख्या 337,000 पहुंच गई है। रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल लगातार भर्ती होने के लिए भारी संख्या में लोग अस्पतालों में आ रहे हैं और उनकी मौत हो रही है। कुछ शहरों में लोग इलाज का इंतजार कर रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि देश के कई क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था टूटने की कगार पर है। लेकिन राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो कोविड मामले और मौतों की संख्या बढ़ने के बावजूद बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं है।

उनका तर्क है कि लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था को नुकसान वायरस के प्रभाव से भी बदत्तर होगा और अदालतों में स्थानीय अधिकारियों ने लगाए गए कुछ प्रतिबंधों को वापस लेने का प्रयास कर रहे हैं। राष्ट्रपति निवास के बाहर समर्थकों से बात उन्होंने क्वारंटीन उपायों की आलोचना करते हुए दावा किया कि वे मोटापे और अवसाद से जुड़े थे और बेरोजगारी एक कारण है। उन्होंने पिछले 24 घंटों में हुई 4,195 मौतों पर कोई टिप्पणी नहीं की। ब्राजील ने स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस के 1.3 करोड़ अधिक मामले दर्ज किए हैं। मार्च में ही कोरोना से रिकार्ड 66,570 लोगों की मृत्यु हुई।

भारत में कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड, 1.15 लाख नए केस

सावधान! देश में कोरोना की रफ्तार पिछले साल से भी अधिक तेजी के साथ बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में संक्रमण के 1 लाख 15 हजार 736 नए केस दर्ज किए गए हैं। ऐसा दूसरी बार हुआ है जब कोरोना के केस एक दिन में एक लाख के पार पहुंच गए हैं। इससे पहले 5 अप्रैल को पहली बार एक लाख का आंकड़ा पार हुआ था जब 24 घंटे में 1 लाख 3 हजार नए मामले सामने आए थे. वहीं इससे पहले 17 सितंबर 2020 को सर्वाधिक मामले आए थे, उस वक्त 24 घंटों में 97,895 नए मामले सामने आए थे। ये भारत में कोरोना का अब तक का सबसे बड़ा दैनिक उछाल है। साथ ही देश में कोरोना के कुल संक्रमित मामले 12,801,785 हो गए हैं।

वहीं सक्रिय मामले 843,779 हो गए हैं। भारत अब सक्रिय केसों के मामले में दुनिया में चौथा सबसे बड़ा देश बन गया है। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान 631 लोग जिदंगी की जंग हार गए। इस घातक संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख 66 हजार 208 पहुंच गया है। अगर राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र (3,113,354), केरल (1,137,590), कर्नाटक (1,020,434), आंध्र प्रदेश (909,002), और तमिलनाडु (903,479) सक्रिय केस हैं।

ऑस्ट्रिया में सख्त लॉकडाउन की मियाद 18 अप्रैल तक बढ़ी

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) की रोकथाम के लिए ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना तथा आसपास के क्षेत्रों में लागू सख्त लॉकडाउन का 18 अप्रैल तक विस्तार कर दिया गया है। यह जानकारी चांसलर सेब्सटियन कुर्ज ने दी। उन्होंने कहा कि वियना, लोअर आॅस्ट्रिया और बर्गलैंड के गर्वनरों ने संघीय सरकार के साथ समन्वय में 18 अप्रैल तक लॉकडाउन का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की है। वहीं वियना के मेयर माइकल लुडविग ने संवाददाताओं से कहा कि गहन देखभाल इकाइयों (आईसीयू) में स्थिति गंभीर बनी हुई है। वियना के अस्पतालों में दूसरे प्रांतो के विशेष देखभाल वाले मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण तीन पूर्वी प्रांतों में स्थिति नाजुक है।

यह भी पढ़े- जानें, कोरोना से बचाव के लिए पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का संदेश

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।