‘ताउते’ ने महाराष्ट्र और गुजरात में मचाई तबाही, बड़ी नौका समुद्र में डूबी, नौसेना ने 177 लोगों को बचाया

Cyclone Tauktae

मुंबई/अहमदाबाद। केरल, गोवा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में तबाही के बाद चक्रवाती तूफान ताउते ने सोमवार देर रात गुजरात में दस्तक दी। दो दशक के सबसे भयंकर तूफान ने दक्षिण-पश्चिम राज्यों में भारी तबाही मचाई। 190 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तर हवाओं के कारण गुजरात में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई और विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गए। इसके साथ ही तूफान में कई घरों को भी भारी नुक्सान हुआ है। हालांकि राहत की बात ये है कि मौसम विभाग ने ट्वीट करके कहा है कि चक्रवाती तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है।

वहीं मुंबई के पास तूफान की चपेट में आने से समुद्र में एक बड़ी नौका (बार्ज 305) नाव फंस गई, जिसमें करीब 273 लोग थे। इस बारे में सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना ने राहत एवं बचाव शुरू करते हुए मंगलवार सुबह तक 177 लोगों को बचा लिया। इस कार्य में आईएनएस कोच्चि, आईएनएस कोलकाता और अन्य बड़े जहाज भी लगे हुए हैं। इसके अतिरिक्त नौसेना का आईएनएस तलवार एक तेल निकालने की जगह से 101 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है।

1. ताउते तूफान सोमवार देर रात को गुजरात के तटीय इलाकों से टकराया और 185 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलीं।

2. तूफान से गुजरात के 17 जिले प्रभावित हुए। भावनगर, गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में भारी नुकसान हुआ। 70 से अधिक तालुका में बरसात हुई है, जिसमें से सर्वाधिक 9 इंच (180 मिमी) अमरेली के बगसरा में थी।

3. कच्चे मकानों, मछुआरों की नावों को काफी नुकसान हुआ है

4. तूफान सुरेंद्र नगर से अहमदाबाद की ओर बढ़ रहा है, लेकिन अब रफ्तार धीमी

5. तूफान से पहले तटीय इलाकों से करीब डेढ़ लाख लोगों को स्थानांतरित किया।

6. मौसम विभाग ने तूफान को ‘बेहद गंभीर’ से ‘बहुत गंभीर’ की श्रेणी में डाला।

7. गुजरात के 20 जिलों में एनडीआरएफ की 44 टीमें तैनात की गर्इं।

8. तूफान ने मुंबई में भारी तबाही मचाई। साथ ही 410 यात्रियों को लेकर गुजरात जा रही दो नौकाएं लापता हो गर्इं। नौसेना लापता लोगों की तलाश कर रही है।

9. मुंबई में ताउते की चपेट में आने से 6 लोग मारे गए जबकि 9 घायल हैं। कई इलाको में विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गए।

10. तूफान इतना तेज था कि मुंबई के बड़े-बड़े होर्डिंग तक टूट गए और कई जगह पानी भर गया।

11. ताउते के खतरे को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट, मोनोरेल को बंद कर दिया गया था।

12. ताऊते के चलते 600 कोरोना मरीजों को शिफ्ट किया गया, जो तटीय इलाकों के अस्पतालों में भर्ती थे।

13. महाराष्ट्र में ताऊते की तबाही के मद्देनजर पीएम मोदी ने सीएम उद्धव ठाकरे से की बात

14. गुजरात के वडोदरा में भी तूफान के मद्देनजर कोविड सेंटर के मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

15. गुजरात के सोमनाथ से दीव जाने वाला रास्ता तूफान के चलते बंद हो गया, उसे खोलने के प्रयास जारी।

16. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि तूफान से तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है

17. 2437 गांव में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसमें से 484 में इसे फिर से बहाल

18. पेड़ आदि गिरने से 196 रास्ते बंद थे।

19. 1400 कोविड अस्पतालों में से मात्र 16 में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई

20. एहतियाती तौर पर दो लाख लोगों 840 तटीय गांव से 2000 से अधिक सुरक्षित आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया।

21.  9 हजार से अधिक मछुआरा नौकाओं को समुद्र से वापस बुला लिया गया। कुछ स्थानों पर तट पर बंधी नौकाएं बही।

22. तूफान से आम, केले और अन्य तरह की फसलों को भी खासा नुकसान हुआ।

23. . ताउते ने दीव में भी तबाही मचाई, तेज हवा में पेड़ जड़ों से उखड़ गए और कई रास्ते बंद हो गए।

24 . गौरतलब है कि 9 जून, 1998 को गुजरात में आए बड़े चक्रवाती तूफान में 1,173 लोगों की जान चली गई थी और 1,774 लापता हो गए थे। खासतौर पर कांडला के बंदरगाह शहर में ज्यादा तबाही मची थी। 

गौरतलब है कि भारतीय मौसम विभाग ने ताउते तूफान को लेकर पहले ही चेता दिया था कि ये भारी तबाही मचा सकता है। इसी के तटीय राज्यों ने पहले ही तैयारियां कर ली थी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया था। जिसके चलते नुक्सान को कम करने में सफलता मिली, वरना भारी जनहानि हो सकती थी।

 

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।