गेहूं की फसल पर भारी तापमान

मंगलवार को अधिकतम तापमान रहा 27 डिग्री, किसान बोले: बरसात हो तो हल हो जाएगी सारी समस्या

ओढां। (सच क हूँ/राजू) दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी गेहूं की फसल पर विपरीत प्रभाव डाल रही है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ये तापमान गेहूं के लिहाज से थोड़ा ज्यादा है। जितनी ठंड व धुंध होगी गेहूं की फसल में उतना ही अधिक फुटाव होगा। कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। जिसके चलते मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मौसम लगातार शुष्क व साफ बना हुआ है। 18 दिसंबर तक इसी तरह का मौसम रह सकता है। अगर आगे इसी प्रकार की गतिविधियां रहती है तो इस बार शीत ऋतु के सामान्य रहने की संभावना है। अगर देखा जाए तो प्राय: दिसंबर मेंं कड़ाके की ठंड का प्रकोप शुरू हो जाता है, लेकिन आधा दिसंबर माह बीतने के बाद भी अभी तक मौसम सामान्य है। मंगलवार को जिला का दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री नोट किया गया।

यह भी पढ़ें:– किन्नू की फसल में 70 से 75 % तक का नुकसान

जबकि इस समय तापमान 20 डिग्री के आसपास रहना चाहिए। यानी 6 से 7 डिग्री अधिक चल रहा है। कृषि विभाग के सहायक तकनीक अधिकारी रमेश सहु ने बताया कि दिन का तापमान ज्यादा व रात का कम है। जिसके चलते गेहूं की फसल पर विपरीत असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि तापमान के कारण गेहूं में एक अतिरिक्त सिंचाई की आवश्यकता होगी। आधा दिसंबर बीत जाने के बाद भी गेहूं की फसल में फुटाव व बढ़वार देखने को नहीं मिल रही। गेहूं की फसल में कहीं-कहीं पीलापन भी नजर आने लगा है। अधिकारी ने बताया कि मौसम में परिवर्तन होने के बाद बारिश होने से ही राहत मिलेगी।

गेहूं की फसल को धुंध व ठंड चाहिए। दिसंबर में ठंड शुरू हो जाती है, आधा दिसंबर बीत गया है, लेकिन तापमान में अभी तक बढ़ोतरी है। सरसों की फसल तो ठीक है, लेकिन गेहूं की फसल में बढ़वार नहीं हो रही। अगर मौसम में शीघ्र ही तब्दीली नहीं आई तो उत्पादन पर काफी विपरीत असर पड़ेगा।
                                            – जगतपाल सहारण, किसान (पन्नीवाला मोटा)।

 

इस बार मैंने 15 एकड़ में गेहूं व 13 एकड़ में सरसों की बिजाई की है। सरसों की फसल तो ठीक है। लेकिन गेहूं की फसल कमजोर नजर आ रही है। गेहूं में पहला पानी तो लगा दिया है, परंतु मौसम की वजह से पौधे में फुटाव नहीं हो रहा। इस बार वैसे भी गर्मी अधिक पड़ने के चलते खरीफ की फसल बर्बाद हो गई।
                                                    – सतपाल बड़जाती, किसान (नुहियांवाली)।

दिसंबर में अभी तक ठंड नहीं आई नजर

ये तापमान गेहूं की फसल के प्रतिकूल है। दिसंबर तो ठंड पड़नी शुरू हो जाती है, लेकिन अभी तक ठंड नजर ही नहीं आ रही। दिन के समय गर्मी का अहसास सा होता है। रात को भी ठंड वाली कोई बात नहीं है। अगर धुंध पड़नी शुरू हो जाए तो भी कुछ फायदा जरूर होगा। इस समय थोड़ी बहुत बरसात हो जाए तो फसल के लिए रामबाण सिद्ध होगी।
                                                           – परमेश्वर सिंह, किसान (सुखचैन)।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।