MLA Gurmeet Singh Passes Away: पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के इस प्रत्याशी का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

Rajasthan Election 2023
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के इस प्रत्याशी का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

श्रीगंगानगर/पदमपुर (सच कहूँ/लखजीत)। MLA Gurmeet Singh Passes Away: पूर्व मंत्री और श्रीकरनपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर (75) का आज सुबह नई दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उनके निधन से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पदमपुर में उनके निवास पर शोक व्यक्त करने आने वालों का तांता लग गया। गुरमीतसिंह के पार्थिव शरीर को आज देर शाम पदमपुर लाया गया।

पदमपुर के समीप चक 25 बीबी में गुरमीत सिंह को दी जाएगी अंतिम विदाई

उनके अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों की भीड उमड़ आई। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 2 बजे पदमपुर के नजदीक उनके पैतृक चक 25 बीबी में उनकी कृषि भूमि में किया जाएगा।इसी वर्ष श्री कुन्नर ने सिंगापुर में इलाज करवाया था। वे गुर्दों के रोग से ग्रसित थे। विधायक कुन्नर को दीपावली से दो रोज पहले ब्रेन अटैक होने पर एम्स में भर्ती करवाया गया था। उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। आज सुबह लगभग 6:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। Rajasthan Election 2023

श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया स्थगित

कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह का निधन हो जाने के कारण श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव स्थगित कर दिया गया है। चुनाव स्थगित होने से श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां बंद हो गईं। रिटर्निंग अधिकारी सुभाष चंद्र ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अब चुनाव आयोग द्वारा बाद में चुनाव की नई तारीख घोषित की जाएगी।

मुख्यमंत्री से लेकर कार्यकर्ता तक ने जताया दुख

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंद्रसिंह रंधावा, प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकुर मगलानी सहित अनेक कांग्रेसी नेताओं ने उनके निधन पर दुःख व्यक्त किया है। श्रीकरणपुर से चुनाव लड़ रहे उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों भाजपा के सुरेंद्रपालसिंह टीटी तथा आप पार्टी के पृथ्वीपालसिंह संधू ने भी गुरमीतसिंह के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पुत्र रूबि को लड़ाना चाहते थे चुनाव | Rajasthan Election 2023

गुरमीत कुन्नर को इस बार कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार बनाने को लेकर शुरू से ही तरह-तरह की अटकलें लग रही थीं, क्योंकि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। हैं। इसके बाद जब चुनाव लड़ने के लिए टिकट की दौड़ शुरू हुई तो उन्होंने अपने बेटे रुपेंद्रसिंह रूबी का नाम इसके लिए आगे किया। जानकार सूत्रों ने बताया कि पार्टी हाईकमान रूबी की बजाय खुद गुरमीतसिंह को चुनाव लड़ने की सलाह दी। खराब स्वास्थ्य होने के बावजूद उन्होंने चुनाव लड़ना स्वीकार कर लिया। अपने चुनाव प्रचार में वे अंतिम बार नामांकन पत्र दाखिल करने के समय दिखाई दिए थे। इसके बाद भी चुनाव प्रचार करने नहीं गए। उनके पुत्र रूबी और समर्थक ही चुनाव प्रचार कर रहे थे जबकि गुरमीत सिंह पदमपुर में घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।

सरपंच से विधायक मंत्री तक कुन्नर का सफर | Rajasthan Election 2023

6 जून 1948 को जन्मे गुरमीतसिंह के राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम पंचायत में पंच का चुनाव लड़ने से हुई थी। वे पहले पंच और फिर सरपंच चुने गए। वर्ष 1989 में वे पंचायत समिति पदमपुर के प्रधान बने। इसके बाद जिला परिषद के डायरेक्टर का चुनाव लड़ा और उप जिला प्रमुख के पद तक पहुंचे।तत्कालीन जिला प्रमुख शंकर पन्नू के सांसद निर्वाचित पर वे कुछ समय तक कार्यवाहक जिला प्रमुख भी रहे।गुरमीतसिंह 1998,2008 और 2018 में तीन बार विधायक चुने गए। वर्ष 2008 में कांग्रेस की टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा और विधायक निर्वाचित होने पर मंत्री बने। वर्ष 2003 में भी उन्होंने चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। Rajasthan Election 2023

यह भी पढ़ें:– Jammu Kashmir Doda bus accident: जम्मू-कश्मीर में भयानक बस हादसा, 36 लोगों की मौत