लापता भारतीय पर्वतारोही बलजीत माउंट अन्नपूर्णा में जीवित मिली

Kathmandu

नेपाल में ट्रैकिंग पर गई थी बलजीत कौर

Kathmandu (एजेंसी)। माउंट अन्नपूर्णा पर कैंप चार के ऊपर से लापता हुई भारतीय पर्वतारोही बलजीत कौर का पता चल गया है और वह जीवित हैं। पर्वतारोहण अभियान के एक आयोजक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पायनियर एडवेंचर के अध्यक्ष पसंग शेरपा ने बताया कि एक हवाई खोज दल ने बलजीत कौर का पता लगा लिया है। उन्होंने कल पूरक आॅक्सीजन का उपयोग किए बिना ही दुनिया की दसवीं सबसे ऊंची चोटी को फतेह किया था।

उन्होंने कहा, ‘हम उसे हाई कैंप के ऊपर से एयरलिफ्ट कर निकालने की तैयारी कर रहे हैं।’ शेरपा के मुताबिक हवाई खोज दल ने बलजीत को कैंप चार की ओर अकेले उतरते देखा है। रिकॉर्ड धारक भारतीय महिला पर्वतारोही बलजीत चोटी के शिखर बिंदु के नीचे अकेली रह गई थी। आज सुबह तक उनसे रेडियो संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद आज सुबह ही हवाई खोज अभियान शुरू किया गया और ‘तत्काल मदद’ के लिए एक रेडियो सिग्नल भेजने में कामयाबी मिली।
शेरपा के अनुसार बलजीत की जीपीएस लोकेशन ने 7,375 मीटर (24,193 फुट) की ऊंचाई पर उनके पहुंचने के संकेत दिए हैं। वह कल शाम करीब सवा पांच बजे दो शेरपा गाइडों के साथ माउंट अन्नपूर्णा फतेह किया। बलजीत का पता लगाने के लिए कम से कम तीन हेलिकॉप्टर लगाए गए थे।

इस बीच उत्तरी आयरलैंड के 10 बार के एवरेस्ट पर्वतारोही नोएल हन्ना के शव को बरामद करने के प्रयास अब भी जारी हैं, जिन्होंने कल रात शिखर बिंदु से लौटने के बाद कैंप चार में अंतिम सांस ली थी। बेस कैंप के अधिकारियों ने इस बीच कहा कि भारतीय पर्वतारोही अनुराग मालू के मिलने की संभावना क्षीण हो गयी है, जो कल कैंप चार से उतरते समय 6,000 मीटर की ऊंचाई से एक गहरी दरार में गिरने के बाद लापता हो गये थे। अनुराग मालू राजस्थान के किशनगढ के निवासी थे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।