नमो भारत ट्रेन बदलते भारत की झलक : मोदी 

Ghaziabad News
नमो भारत ट्रेन  बदलते भारत की झलक : मोदी

देश की पहली “नमो भारत” ट्रेन के उदघाटन अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा

  • जिस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करते हैं उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं: मोदी | Ghaziabad News

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। आज देश के लिए ऐतिहासिक क्षण है, आज भारत की पहली रैपिड सेवा “नमो भारत” ट्रेन (Namo Bharat Train) आरंभ हुई है। चार साल मैनें दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांसपोर्ट  सिस्टम (आरआरटीएस) की आधारशिला रखी थी, आज इस रूट पर साहिबाबाद से दुहाई तक “नमो भारत” का संचालन शुरू हुआ है। जिला प्रोजेक्ट का हम शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। “नमो भारत” करीब डेढ़ साल में मेरठ पहुंचेगी, उस समय भी हम आपकी सेवा में उपस्थित रहेंगे। मैंने अपना बचपन प्लेटफार्म पर बिताया है, रेल के अंदर का रूप मुझे बहुत आनंदित करता है। Ghaziabad News

यह बातें शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली रैपिड रेल “नमो भारत” के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। “नमो भारत” को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री वसुंधरा सेक्टर-आठ में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा-नवरात्रों में शुभ कार्य करने की परंपरा है। “नमो भारत” को भी मां कात्यायनी के आशीर्वाद प्राप्त हुए हैं। बता दें कि शुक्रवार छठा नवरात्र था और छठे नवरात्रे पर मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा-बड़ी अदभुत बात यह है कि “नमो भारत” में तमाम कर्मचारी देश की बेटियों की हैं। “नमो भारत” ट्रेन में गति भी है और नए भारत के संकल्पों को परिभाषित कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा – 21वीं सदी का भारत प्रगति की नई गाथा लिख रहा है। चंद्रयान को चंद्रमा पर उतारकर हिन्दुस्तान पूरी दुनिया में छाया हुआ है। जी-20 के शानदार आयोजन के बाद पूरी दुनिया भारत के आकर्षण के चलते भारत से जुड़ने को उत्सुक है। आज का भारत एशियन गेम्स में 100 से अधिक मेडल लाता है, आज का भारत अपने बल पर 5जी लांच करता है, आज का भारत दुनिया में सबसे ज्यादा डिजीटल लेनदेन करता है, आज का भारत कोविड वैक्सीन तैयार कर दुनिया के करोड़ों लोगों की जान बचाता है। आज का भारत लड़ाकू विमान बनाता है, आज का भारत  पूरी दुनिया की कंपनियां भारत आना चाहती हैं। आज शुरू हुई देश की पहली “नमो भारत” ट्रेन भी मेड इन इंडिया है। “नमो भारत” ट्रांसपोर्ट के सभी माध्यमों को जोड़कर मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी का भी काम करेगी। Ghaziabad News

“नमो भारत” की खूबी बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा – हम जिस हेलीकॉप्टर में सफर करते हैं वह भी ट्रैक्टर की तरह आवाज करता है लेकिन “नमो भारत” में सफर करते समय हवाई जहाज के जितनी भी आवाज नहीं आती। उन्होंने आगे कहा – यह तो “नमो भारत” की एक शुरुआत है, जल्द ही “नमो भारत” दिल्ली को यूपी, हरियाणा और राजस्थान से जोड़ेगी। इस बीच उन्होंने चुटकी भी ली कि राजस्थान का नाम लेने से मुख्यमंत्री अशोक गहलौत की नींद खराब हो जाएगी। “नमो भारत” के साथ-साथ औद्योगिक विकास और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यह सब युवाओं के लिए ही तो हो रहा है। Ghaziabad News

Namo Bharat Train

तीसरा दशक रेल के कायाकल्प का होगा: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा – 21वीं सदी का यह तीसरा दशक रेल के कायाकल्प का होगा। इस दशक में रेल पूरी तरह बदल जाएगी। मुझे छोटे सपने देखने की आदत नहीं है और न ही मरते-मरते चलने की। इस दशक के बाद हमारी रेल को दुनिया में किसी से पीछे नहीं पाएंगे। सुरक्षा, सुविधा, सफाई, सामंजस्य, संवेदना और सामर्थ्य में भारतीय रेल पूरी दुनिया में नया मुकाम हासिल करेगी। रेल का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका होगा। स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य पूरा हो चुका होगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भारत सरकार जितना खर्च कर रही है, इतना पहले कभी नहीं हुआ। चार लाख करोड़ रुपए से अधिक एक्सप्रेस-वे पर खर्च हो रहे हैं।

ग्रीन ट्रांसपोर्ट के लिए 10 हजार बसें देगी भारत सरकार

प्रदूषण स्तर कम करने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल बेहतर उपाय है। भारत सरकार राज्यों को 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें दे रही है। यह बसें दिल्ली, यूपी और कर्नाटक जैसे राज्यों को दी जा रही हैं। केवल दिल्ली को ही 1300 बसें देनी हैं, 850 बसें दी भी जा चुकी हैं। सभी राज्यों में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने का फैसला भारत सरकार ने लिया है।

जल, थल और नभ में हो रही गति से प्रगति

चंद्रमा पर चंद्रयान उतारकर भारत ने चंद्रमा पर तिरंगा झंडा गाढ़ दिया है। इसी के साथ भारत जल्द ही अपने यान से पहला भारतीय चंद्रमा पर उतारेगा।

किसानों को लागत का डेढ़ गुना एमएसपी देने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में किसानों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया-भारत सरकार किसानों को सस्ता यूरिया उपलब्ध कराने के लिए ढाई लाख करोड़ रुपए खर्च करती है। दुनिया में तीन हजार रुपए में मिलने वाला यूरिया भारत के किसानों को तीन सौ रुपए से क‌म में मिलता है। रवि की फसल के एमएसपी में सरकार ने अच्छी खासी बढ़ोतरी की है। मसूर की एमएसपी 425 रुपए बढ़ाई गई है, जबकि गेहूं और सरसों की 150 रुपए। साढ़े नौ साल पहले गेहूं का रेट 1400 रुपए थे जो अब बढ़कर दो हजार से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा – एमएसपी में बढ़ोतरी किसान को लागत से डेढ़ गुना दाम दिलाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। Ghaziabad News

यह भी पढ़ें:– ग्रुप डी परीक्षा की परीक्षा में चश्मा ले जाने पर संशय बरकरार