महर्षि वाल्मीकि ने मानवता को रामायण जैसा अद्भुत ग्रंथ दिया: पीएम मोदी

Published On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति के बड़ा आधार बताते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने ही हमें भगवान राम की अवतार कथाओं से इतने विस्तार से परिचित करवाया। मोदी ने अपने मासिक रेडियो प्रसारण कार्यक्रम मन की बात में कहा, ”अगले महीने सात अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती है। हम सब जानते हैं, महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के कितने बड़े आधार हैं। ये महर्षि वाल्मीकि ही थे, जिन्होंने हमें भगवान राम की अवतार कथाओं से इतने विस्तार से परिचित करवाया था। उन्होंने मानवता को रामायण जैसा अद्भुत ग्रंथ दिया। उन्होंने कहा रामायण का ये प्रभाव उसमें समाहित भगवान राम के आदर्शों और मूल्यों के कारण है। भगवान राम ने सेवा, समरसता और करुणा से सबको गले लगाया था। इसीलिए हम देखते हैं, महर्षि वाल्मीकि की रामायण के राम, माता शबरी और निषादराज के साथ ही पूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जब राम मंदिर का निर्माण हुआ तो साथ में निषादराज और महर्षि वाल्मीकि का भी मंदिर बनाया गया है। मेरा आपसे आग्रह है, आप भी जब अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएं, तो महर्षि वाल्मीकि और निषादराज मंदिर के दर्शन जरूर करें।

About The Author

Related Posts