पीएम नरेंद्र मोदी बंगलादेश की यात्रा पर रवाना

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

नयी दिल्ली l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगलादेश की दो दिन की यात्रा पर शुक्रवार की सुबह ढाका के लिए रवाना हो गए।मोदी बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के निमंत्रण पर पड़ोसी देश की स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष और बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान की जन्मशती के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए वहां गए हैं।

सूत्रों के अनुसार मोदी ढाका पहुंचने के तुरंत बाद राष्ट्रीय शहीद स्मारक जायेंगे और बंगलादेश मुक्ति संग्राम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह अपराह्न में बंगलादेश के राष्ट्रीय दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को बापू बंगबंधु डिजिटल वीडियो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री बंगलादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हमीद से भेंट करेंगे और मेजबान प्रधानमंत्री श्रीमती हसीना के साथ प्रतिनिधि मंडल स्तर की बैठक में शिरकत करेंगे। वह बंगलादेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गणमान्य लोगों से भी मिलेंगे।

मोदी ने अपने यात्रा पूर्व वक्तव्य में कहा,“मुझे खुशी है कि कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद किसी ऐसे पड़ोसी मित्र देश की यह मेरी पहली विदेश यात्रा है, जिसके साथ भारत के सांस्कृतिक, भाषाई और दोनों देशों के लोगों के बीच आपस में गहरे संबंध हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बंगलादेश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में अपनी भागीदारी का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। बंगलादेश के राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की जन्मशती भी मनाई जा रही है। बंगबंधु पिछली शताब्दी के कद्दावर नेताओं में से एक थे, जिनका जीवन और आदर्श लाखों लोगों को प्रेरित करता है। उनकी स्मृति को सम्मान देने के लिए वह तुंगीपाड़ा में बंगबंधु की समाधि पर जाएंगे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Ad Ad

Related Posts