उत्तरप्रदेश : प्रियंका का आज फैजाबाद से अयोध्या तक 47 किमी का रोड शो

Published On

हनुमानगढ़ी में दर्शन भी करेंगी

अयोध्या। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के तीन दिवसीय उत्तरप्रदेश दौरे का शुक्रवार को आखिरी दिन है। वे आज (priyanka gandhi) यहां फैजाबाद के कुमारगंज से अयोध्या के हनुमानगढ़ी तक रोड शो करेंगी। इस दौरान वे चार जगह नुक्कड़ सभाएं और नौ जगह कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगी। यह रोड शो करीब 47 किलोमीटर का होगा। प्रियंका मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी होते हुए कुमारगंज पहुंच रही हैं।

भाजपा के गढ़ में साढ़े पांच घंटे रहेंगी प्रियंका

अयोध्या, भाजपा की सत्ता का केंद्र है। ऐसे में वे यहां करीब साढ़े पांच घंटे रहेंगी। रोड शो की कमान कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री संभाल रहे हैं। प्रियंका रामलला तो नहीं जाएंगी, लेकिन हनुमानगढ़ी में पूजा अर्चना करेंगी। कुछ संतों ने प्रियंका के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि प्रियंका हनुमानगढ़ी आएं तो उन्हें ऐलान करना चाहिए कि उनकी सरकार बनने पर राम मंदिर बनेगा।

गंगा यात्रा के बाद अब रामनगरी में प्रियंका

प्रियंका गांधी वाड्रा ने 18 मार्च को प्रयागराज के मनैया घाट से गंगा यात्रा की शुरूआत की थी। इस दौरान उन्होंने सॉफ्ट हिंदुत्व के जरिए भाजपा को घेरा। उन्होंने संगम पर बड़े हनुमान की पूजा-अर्चना की तो अक्षयवट के दर्शन किए थे। प्रियंका ने बोट यात्रा कर मंदिर से लेकर मजार पर गई थी। गांधी-नेहरू परिवार से 2016 में राहुल ने अयोध्या का दौरा किया था और अब प्रियंका जा रही हैं।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts