IMD Cold Alert: मौसम विभाग ने जारी किया हरियाणा-पंजाब समेत 4 राज्यों में अलर्ट

ठंड और कोहरे से प्रभावित होगा उत्तर भारत

Published On

Haryana Punjab Weather Alert: चंडीगढ़/हिसार (संदीप सिंहमार)। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों रात ठंडी तो दिन गर्म बने हुए हैं। रात्रि के न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह व सांयकालीन ठिठुरन बनी हुई है। आगामी एक सप्ताह के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली एनसीआर में सर्दी का सितम बढ़ सकता है। इसके लिए भारत मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। राजस्थान के सीकर जिले का फतेहपुर 4.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मैदानी क्षेत्रों में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

वहीं, हरियाणा और पंजाब में भी पारे में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे रातें सर्द हो चली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में महेंद्रगढ़ (7.8 डिग्री) और पंजाब में फरीदकोट (6.4 डिग्री) सबसे ठंडे शहर रहे। मौसम में आए इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। जहां रात्रि के समय पारा लुढ़कने से ठिठुरन बढ़ रही है, वहीं दिन में तेज धूप खिलने से मौसम गर्म बना हुआ है। तापमान के इस उतार-चढ़ाव के कारण अस्पतालों में खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने और सुबह-शाम घर से निकलते समय आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।

अगले 3 दिनों तक घनी धुंध का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक घनी धुंध छाए रहने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में कोहरे का असर रहेगा। वहीं, पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों में भी घनी धुंध को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts