Roof Collapsed: कोटकपूरा में मकान की छत गिरी, घर का सारा सामान क्षतिग्रस्त

कोटकपूरा में गिरी मकान की छत, सारा सामान क्षतिग्रस्त, जानी नुकसान से बचाव 

Published On

कोटकपूरा, सच कहूँ/अजय मनचंदा। Kotkapura News: कोटकपूरा शहर के सुरगापुरी इलाके के वार्ड नंबर 25 में बुधवार सुबह एक मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे के दौरान परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन घर के अंदर पड़ा बेड सहित अन्य घरेलू सामान मलबे के नीचे दबने से क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार और इलाके के लोगों ने सरकार व प्रशासन से परिवार की मदद करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 25 की रविदास मंदिर वाली गली में रहने वाली विधवा निर्मला देवी अपने बच्चों के साथ इस मकान में रहती हैं। मकान के कमरे की हालत काफी जर्जर थी।

परिवार की ओर से कई बार सरकार और प्रशासन से मकान की मरम्मत के लिए मदद मांगी गई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली राशि प्राप्त करने के लिए भी चक्कर लगाए गए, लेकिन मकान की रजिस्ट्री उनके स्वर्गीय बुजुर्ग के नाम होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो सकी। बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे से बाहर थे, तो अचानक छत से खड़खड़ाहट की आवाज आई। इस दौरान कमरे में एक बच्चा सो रहा था, जिसे तुरंत बाहर निकाल लिया गया। परिवार के सदस्य अभी घर का सामान बाहर निकालने की तैयारी ही कर रहे थे कि अचानक पूरी छत नीचे गिर गई। इससे घर में पड़ा बेड और अन्य घरेलू सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस मामले में निर्मला देवी ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए तुरंत मदद उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वह अपने परिवार के रहने के लिए कम से कम एक कमरा दोबारा बनवा सकें। इस मौके पर इलाके के पूर्व पार्षद सतीश कुमार महेशी ने कहा कि यह परिवार बेहद जरूरतमंद है और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि परिवार की स्थिति को देखते हुए बिना देरी किए आर्थिक सहायता दी जाए।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts