पेयजल किल्लत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, जलघर पर जड़ा ताला

Published On

जुलाना (सच कहूँ न्यूज)। जीन्द जिले के गाँव शामलो कलां में पेयजल किल्लत को लेकर ग्रामीणों ने जलघर को ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने पर भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है, ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है। गाँव शामलो कलां निवासी जयबीर, बिजेंद्र, राजकुमार, राजेश, फौजी ने बताया कि गाँव में करोड़ों की लागत से जलघर बनाया गया है, लेकिन अब फिर से करोड़ों की ग्रांट से जलघर की रिपेयर का काम चला हुआ था। लेकिन दो माह से गाँव के जलघर में नहर का पानी नहीं आ रहा है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है।

जलघर से जो पानी सप्लाई किया जाता है, वो किसी भी लिहाज से पीने लायक नहीं होता। जलघर से सप्लाई होने वाला पानी बहुत खारा होता है और उस पानी से ग्रामीणों को चर्म और पेट के रोग हो रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत जनस्वास्थ्य विभाग को भी की गई, लेकिन उन्हें कोरा आश्वासन ही मिला। जिला प्रशासन के रवैये के चलते ग्रामीणों में रोष पनप रहा है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान न होने पर जलघर को ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता जब तक जलघर का ताला नहीं खोला जाएगा।

जुलाना जनस्वास्थ्य विभाग के जेई प्रदीप ने बताया कि गाँव शामलो कलां के जलघर में रिपेयर का काम चल रहा था, लेकिन ठेकेदार की लेबर काम से भाग गई तो काम बंद है। जल्द ही लेबर लगवाकर काम करवा दिया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts