CBSE Board Result: 12वीं परीक्षा में बेटियों का जलवा, मुस्कान ने ब्लॉक में किया टॉप, डॉक्टर बनने का है सपना
मुस्कान ने अंग्रेजी में 99 समेत शानदार अंकों से हासिल किया पहला स्थान
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा घोषित 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम में स्थानीय राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की छात्रा मुस्कान ने 96.8 प्रतिशत अंक लेकर ब्लॉक में पहला स्थान हासिल किया। मुस्कान ने अंग्रेजी में 99, पीसीए 97, फिजिक्स में 90, केमिस्ट्री में 96 और बायोलॉजी में 93 अंक प्राप्त किए। उसने कुल 500 में से 484 अंक हासिल किए।
मुस्कान गांव बरोना की रहने वाली है और आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहती है। उसने बताया कि वह नीट परीक्षा की भी तैयारी करेगी। विद्यालय प्राचार्या नीलम दलाल ने बताया कि विद्यालय की वर्षा ने आर्ट्स स्ट्रीम में 96 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा और मेघा ने 94.6 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विद्यालय की छात्रा महिमा ने नीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सरकारी एमबीबीएस सीट प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि स्टाफ की मेहनत और उनके अभिभावकों की मेहनत से ही यह सफलता मिली है।
सरकारी स्कूल की छात्राएं भी नहीं है किसी से कम
आज समाज में एक अफवाह फैली हुई है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं होती। यहा तो केवल गरीब बच्चे ही पढ़ाई करते हैं। जिनके पास प्राइवेट स्कूलों में जाने के लिए पैसे की कमी है। परंतु हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम से यह सिद्ध हो गया है कि सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राएं भी किसी से कम नहीं है। पढ़ाई करने वाला बच्चा हो तो वह कहीं भी पड़ सकता है।
चाहे वह सरकारी स्कूल हो या प्राइवेट स्कूल हो। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला बच्चा भी टॉपर हो सकता है। यह कीर्तिमान खरखौदा के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा मुस्कान ने सिद्ध करके दिखाया और इतनी मेहनत की सरकारी स्कूल का नाम रोशन किया और पूरे खरखौदा ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल किया।
