Haryana Roadways Kaithal: रोडवेज डिपो कैथल में बसों की कमी बनी यात्रियों की परेशानी का सबब
वैद्यनाथ, पुष्कर, गंगानगर, बीकानेर रूटों पर नहीं मिलती रोडवेज बसें
कैथल (सच कहूँ न्यूज)। रोडवेज डिपो में बसों की कमी अब यात्रियों की परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। हालात यह हैं कि परमिट मिलने के बावजूद वैद्यनाथ, पुष्कर, गंगानगर और बीकानेर जैसे महत्वपूर्ण रूटों पर अब तक बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। इससे यात्रियों को इन रूटों पर जाने के लिए महंगे निजि साधनों से या फिर अन्य शहरों में पहुंचकर सफर करना पड़ रहा है। डिपो के पास वैद्यनाथ रूट के लिए हाल ही में परमिट जारी हुआ था, जबकि अन्य रूटों के परमिट पहले से उपलब्ध हैं। बावजूद इसके बसों के अभाव में संचालन शुरू नहीं हो पाया। लंबे समय से इन रूटों पर बस सेवा की मांग कर रहे यात्रियों को अब भी इंतजार करना पड़ रहा है। Kaithal News
सिर्फ 46 बसें बीएस 6 तकनीक की
वर्तमान में डिपो में करीब 160 बसें हैं, जिनमें केवल 46 बसें ही बीएस-6 मॉडल की हैं। शेष बसें पुराने मॉडल की होने के कारण कई बार रास्ते में खराब हो जाती हैं। अधिकारियों के अनुसार डिपो को सुचारू संचालन के लिए करीब 90 नई बसों की जरूरत है और इसके लिए मुख्यालय को मांग भेजी जा चुकी है। Kaithal News
धार्मिक रूट है वैद्यनाथ और पुष्कर
धार्मिक स्थलों वैद्यनाथ और पुष्कर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं गंगानगर और बीकानेर जैसे शहरों के लिए भी नियमित परिवहन सेवा प्रभावित बनी हुई है। यात्रियों का कहना है कि परमिट मिलने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द सीधी बस सेवा शुरू होगी, लेकिन बसों की कमी ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
रोडवेज डिपो के यातायात प्रबंधक विपुल कुमार ने बताया कि बसों की कमी को लेकर मुख्यालय को अवगत करवाया गया है। जैसे ही नई बसे डिपो को मिलेगी इन रूटों पर बस सेवा बहाल कर दी जाएगी। Kaithal News