Sirsa Fire News: सरसा में धूल भरी आंधी का तांडव, ट्रैक्टर एजेंसी, गोदाम और ठेकों में लगी आग
एक रात में 20 से अधिक जगह लगी आग, मरीजों को करना पड़ा अस्पताल से शिफ्ट
Sirsa Fire: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। सोमवार देर रात मौसम ने करवट बदली तो जिलेभर में धूल भरी आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, लेकिन इसके बाद आगजनी की घटनाओं ने हालात और गंभीर बना दिए। तेज हवाओं के बीच जिले में रातभर 20 से अधिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सबसे बड़ा हादसा शहर के बस अड्डा के निकट एक ट्रैक्टर एजेंसी के स्पेयर पार्ट्स गोदाम में हुआ, जहां भीषण आग से करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। Sirsa Fire News
आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोदाम के एक ओर निजी अस्पताल और दूसरी ओर शराब ठेका होने के कारण स्थिति और संवेदनशील हो गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल की पहली मंजिल पर भर्ती मरीजों को दूसरी मंजिल पर शिफ्ट करना पड़ा। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए परिसर में खड़े ट्रैक्टरों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि एजेंसी में ट्रैक्टर रिपेयरिंग का कार्य भी होता है और मोबिल व अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने से आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर तक काला धुआं भर गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हरियाणा रोडवेज के चालकों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियां संभालीं
दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इस दौरान हरियाणा रोडवेज के चालकों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियां संभालीं। हरियाणा रोडवेज सरसा डिपो के चालक चमन लाल ने बताया कि रोडवेज चालकों को दमकल वाहन चलाकर मौके पर पहुंचना पड़ा। चार फायर ब्रिगेड वाहन दमकल विभाग से तथा एक एयरफोर्स स्टेशन से मंगाई गई। इसके अलावा हिसार रोड स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास शराब ठेके में आग लगने से रात तीन बजे के बाद बिजली आपूर्ति बाधित रही। बेगू रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भी आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
तेज आंधी के कारण जिलेभर में कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। कई इलाकों में सुबह छह बजे के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। जीएम कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते उपायुक्त के निर्देश पर रोडवेज चालकों की ड्यूटी लगाई गई है। देर रात लगी भीषण आग के दौरान चालकों ने सराहनीय कार्य किया, जिन्हें सम्मानित किया जाएगा।
जिला में सोमवार रात अचानक आए तेज तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के साथ उड़ती धूल के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तूफान के दौरान कई जगहों पर पेड़ की टहनियां टूटकर सडकों पर गिर गईं, जबकि कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। लोगों को रात के समय घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद करने पड़े, ताकि धूल अंदर न आ सके। तूफान के चलते सिकंदरपुर स्थित मां भागवती राइस मिल्स में बड़ा नुकसान हो गया।
तेज आंधी और हवाओं के दबाव से राइस मिल का शेड और अंदर लगी फॉल्स सीलिंग गिरी
मिली जानकारी के अनुसार तेज आंधी और हवाओं के दबाव से राइस मिल का शेड और अंदर लगी फॉल्स सीलिंग अचानक गिर गई। घटना के समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मिल को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। मिल्स के मालिक मोहनलाल ने बताया कि मंगलवार सुबह मिल्स में पहुंचे तो फैक्टरी में लगे शेड दूर खेतों में पड़े थे। ऑफिस के आगे लगी फॉल्स सीलिंग में गिर गई थी। कई शेड तो उड?र दूर बिजली की तारों में फंस गए। इसके चलते बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंकर बिजली लाइन का बहाल किया है। उन्होंने बताया कि तूफान के चलते उनका काफी नुकसान हुआ है। Sirsa Fire News
