Punjab
कैबिनेट मंत्री खुड्डियां ने न्यू अबुल खुराणा माइनर का रखा नींव पत्थर
सभी लोग पानी बचाने के लिए करें प्रयास: खुड्डियां
मलोट (सच कहूँ/मनोज)। Malout News: पंजाब सरकार राज्य के निवासियों को कृषि और साफ-सुथरा पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उपरोक्त शब्द कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंगलवार को लंबी हलके के गाँव दयूण खेड़ा में न्यू अबुल खुराणा माइनर के पुनर्निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखते हुए कहे। उन्होंने बताया कि न्यू अबुल खुराणा माइनर के पुनर्निर्माण से लंबी हलके के गांव डबवाली-रहूड़ियावाली, तप्पा खेड़ा और लाल बाई के 8 मोघों के जरिए खेतों को सिंचाई के लिए पूरा पानी मिलेगा और सरकार द्वारा इस माइनर से निकलने वाले 22 किलोमीटर खालों को पक्का करने के लिए 4.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जहाँ इस माइनर का पुनर्निर्माण किया जा रहा है, वहीं पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए इसे चौड़ा और गहरा भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हर इन्सान को पानी बचाने के लिए प्रयासशील रहना चाहिए, ताकि भविष्य में पानी की कमी का सामना न करना पड़े। सरकार ने 15 हजार किलोमीटर से अधिक नहरों, रजबाहों को पक्का किया है, ताकि टेल पर स्थित गांवों को कृषि और पीने के लिए साफ-सुथरा पानी उपलब्ध हो सके और 75 प्रतिशत पानी का अब उपयोग में लाया जा रहा है। कृषि मंत्री ने बताया कि भूमिगत पानी को बचाने के लिए सरकार धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को 1500 रुपये प्रति एकड़ की दर से सब्सिडी देगी और इस योजना के तहत 40 करोड़ रुपये का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा, पंजाब में नरमे की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 33 प्रतिशत सब्सिडी पंजाब सरकार देगी, ताकि भूमिगत पानी को गहरा होने से बचाया जा सके और कृषि विश्वविद्यालय की सलाह पर देसी कपास के बीज का भी प्रबंध किया जाएगा।