Punjab
शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों में 3 माह तक चलने वाले ऑफ-सीज़न स्पोर्ट्स कैंप का शुभारंभ
शैक्षिक ही नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से भी विद्यार्थियों को सशक्त बनाना संस्थान का उद्देश्य: डॉ. नवजीत भुल्लर
Off-Season Sports Camp Begins: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शाह सतनाम जी बॉयज शिक्षण संस्थान में सोमवार को एमएसजी भारतीय खेल गांव, सरसा में ऑफ-सीज़न स्पोर्ट्स कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल, कॉलेज तथा सेंट एमएसजी ग्लोरियस इंटरनेशनल स्कूल (बॉयज विंग) के लगभग 550 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कैंप के शुभारंभ अवसर पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य चरणजीत सिंह इन्सां, रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, स्पोर्ट्स एचओडी डॉ. नवजीत सिंह भुल्लर, शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के प्रशासक डॉ. शशि आनंद इन्सां, प्राचार्य डॉ. दिलावर इन्सां, स्कूल प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां, स्कूल प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां, इंटरनेशनल स्कूल प्रधानाचार्य अजय धमीजा इन्सां, स्पोर्ट्स मैनेजर हरप्रीत सिंह तथा हॉस्टल वार्डन मनदीप इन्सां सहित सभी खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
कैंप की शुरूआत खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से हुई। इसके बाद सभी खिलाड़ियों ने नशों से दूर रहकर खेल भावना व पूरी लगन के साथ खेलों का अभ्यास करने की शपथ ली। बाद में पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां द्वारा खेलों के संबंध में बताई गई तकनीकों को वीडियो के माध्यम से खिलाड़ियों को दिखाया गया। जानकारी के अनुसार शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों में यह ऑफ-सीजन स्पोर्ट्स कैंप प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को खेलों के प्रति परिपक्व बनाना और किसी एक खेल में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।
यह कैंप करीब तीन माह तक चलेगा, जिसमें सुबह और शाम खिलाड़ियों को प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यास करवाया जाएगा तथा शारीरिक फिटनेस के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर स्पोर्ट्स एचओडी डॉ. नवजीत सिंह भुल्लर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ऑफ-सीजन स्पोर्ट्स कैंप खिलाड़ियों के लिए विशेष महत्व रखता है और इसके माध्यम से उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देकर जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

